Home » उत्तर प्रदेश » ‘इसी ने काटा है, बचा लीजिए’ जैकट की जेब में कोबरा लेकर डॉक्टर के पास पहुंचा युवक, मथुरा के अस्पताल में मचा बवाल

‘इसी ने काटा है, बचा लीजिए’ जैकट की जेब में कोबरा लेकर डॉक्टर के पास पहुंचा युवक, मथुरा के अस्पताल में मचा बवाल

Mathura News

Mathura News: मथुरा जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक सांप के काटने के बाद उसी कोबरा को अपने साथ लेकर अस्पताल पहुंच गया। युवक ने डॉक्टरों के सामने जैकेट से सांप निकाला और हाथ में पकड़कर इलाज की गुहार लगाने लगा। सांप देखते ही वार्ड में मौजूद मरीज, तीमारदार और स्टाफ घबरा गए और इधर-उधर भागने लगे। जबकि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को शांत कराया। इसके बाद सांप को सुरक्षित तरीके से एक डिब्बे में बंद कराया गया, तब जाकर हालात सामान्य हो सके। डॉक्टरों के अनुसार, युवक की हालत फिलहाल स्थिर है और उसका इलाज जारी है।

ई-रिक्शा पर चढ़ा सांप, उंगली में काटा

पुलिस के मुताबिक, वृंदावन निवासी ई-रिक्शा चालक दीपक राजपूत बैटरी लेने के लिए जा रहे थे। मथुरा-वृंदावन मार्ग पर पीएमबी पॉलिटेक्निक कॉलेज के पास अचानक एक सांप उनके ई-रिक्शा पर चढ़ आया और हाथ की उंगली में काट लिया। सांप के काटते ही दीपक ने उसे पकड़ लिया और जैकेट के अंदर रखकर सीधे मथुरा जिला अस्पताल पहुंच गए।

इमरजेंसी वार्ड पहुंचते ही दीपक ने डॉक्टरों को बताया कि उन्हें सांप ने काटा है और वह सांप को साथ लेकर आए हैं। यह कहते हुए उन्होंने जैकेट से कोबरा निकाल लिया। सांप देखते ही पूरे वार्ड में हड़कंप मच गया। कुछ देर के लिए अस्पताल में भगदड़ जैसे हालात बन गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभाला।

Mathura News: दीपक की जुबानी पूरी कहानी

मथुरा बाईपास निवासी दीपक ने बताया कि उन्हें लगा अगर सांप को साथ नहीं लाएंगे तो डॉक्टर कैसे तय करेंगे कि किस तरह का इलाज करना है। उन्होंने कहा कि अगर पानी वाला सांप हो या जंगल वाला, यह कैसे पता चलेगा? इसलिए मैं सांप को साथ ले आया। वह कोबरा था, उसे यूं ही छोड़ना भी खतरनाक हो सकता था। दीपक ने यह भी बताया कि रास्ते में एक दरोगा मिले थे, जिन्होंने ई-रिक्शा छोड़कर सीधे अस्पताल जाने की सलाह दी। घबराहट में उन्होंने ई-रिक्शा सड़क पर ही छोड़ दिया और अस्पताल की ओर दौड़ पड़े।

डॉक्टरों ने क्या बताया?

ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर सुशील कुमार ने बताया कि सबसे पहले युवक से सांप को सुरक्षित तरीके से अलग कराया गया। इसके बाद उसका इलाज शुरू किया गया। फिलहाल मरीज की हालत स्थिर है और चिकित्सकीय निगरानी में उपचार जारी है।

ये भी पढ़े… नालंदा में हैवानियत की हदें पार: चोरी के शक में दो नाबालिग भाई-बहन पर अत्याचार, हाथ काट जलाया डाला नमक और फिर…