Mohan Yadav: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा है कि केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार के प्रभावी समन्वय से प्रदेश के विकास को नई गति मिली है। उन्होंने बताया कि केंद्रीय परियोजनाओं के क्रियान्वयन में मध्य प्रदेश ने 97 प्रतिशत सफलता हासिल की है, जिससे राज्य के बुनियादी ढांचे को मजबूती मिली है।
पीएमजी और प्रगति प्लेटफॉर्म से तेज हुआ विकास
सीएम यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रोजेक्ट मॉनिटरिंग ग्रुप (PMG) और प्रगति प्लेटफॉर्म की शुरुआत से अटकी हुई परियोजनाओं को गति मिली है। इन मंचों के जरिए केंद्र और राज्य के सभी विभाग एक साथ बैठकर निर्णय लेते हैं, जिससे योजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन संभव हुआ है।
Mohan Yadav: 209 बड़े प्रोजेक्ट, हजारों करोड़ का निवेश
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि विभिन्न केंद्रीय मंत्रालयों के माध्यम से मध्य प्रदेश को 209 बड़े प्रोजेक्ट मिले हैं। इनमें से 2.61 लाख करोड़ रुपये निवेश वाली 108 परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं, जबकि 5.24 लाख करोड़ रुपये से अधिक लागत की 101 परियोजनाएं अभी प्रगति पर हैं। इनमें रेल, सड़क, बिजली और नवीकरणीय ऊर्जा से जुड़ी प्रमुख योजनाएं शामिल हैं। कूनो नेशनल पार्क में चीता पुनर्वास और धार का पीएम मित्र पार्क भी महत्वपूर्ण उपलब्धियां हैं।
शासन व्यवस्था में आया सकारात्मक बदलाव
मुख्य सचिव अनुराग जैन ने बताया कि प्रगति प्लेटफॉर्म की शुरुआत 2015 में हुई थी और अब तक इसकी 50 बैठकें हो चुकी हैं। सीएम यादव ने कहा कि नई प्रणाली ने योजनाओं को केवल कागजों तक सीमित नहीं रहने दिया, बल्कि उन्हें धरातल पर उतारने में मदद की है।
ये भी पढ़ें…12 दिन बाद सकुशल लौटे अंश-अंशिका, जगन्नाथपुर में फागुन से पहले होली जैसा जश्न







