Mayawati brother statement: बहुजन समाज पार्टी (BSP) प्रमुख मायावती ने शनिवार को पार्टी संगठन को लेकर बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि अब बसपा में भतीजों को कोई पद नहीं दिया जाएगा। हालांकि, उन्होंने अपनी भतीजी दीपिका आनंद को भविष्य में पार्टी में जिम्मेदारी मिलने की संभावना से इनकार नहीं किया। उन्होंने कहा कि यह उनकी कार्य क्षमता पर निर्भर करेगा।
Mayawati brother statement: परिवारवाद के आरोपों पर मायावती ने दिया जवाब-
परिवारवाद के आरोपों पर मायावती ने कहा कि उनके अविवाहित होने के कारण उन्हें मजबूरी में अपने सगे भाई-बहनों में से सबसे छोटे भाई आनंद कुमार को अपने साथ रखना पड़ा। उन्होंने कहा कि आनंद कुमार उनकी देखभाल करने के साथ-साथ उनकी निगरानी में लंबे समय से पार्टी की अहम जिम्मेदारियां निभा रहे हैं। मायावती ने कहा कि अब उनके भाई के परिवार के अन्य सदस्यों को इसका लाभ मिलना पार्टी और आंदोलन के हित में सही नहीं होगा।
Mayawati brother statement: ‘मैंने परिवारवाद के खिलाफ संघर्ष किया’-
बसपा प्रमुख ने कहा कि वह अपने गुरु कांशीराम की तरह परिवारवाद के खिलाफ पूरी तरह डटी हुई हैं। उन्होंने कहा कि अगर वह लड़की नहीं होतीं तो कांशीराम की तरह अपने भाई-बहनों में से किसी को भी अपने साथ नहीं रखतीं। मायावती ने कहा कि महिला होने के कारण सुरक्षा संबंधी परेशानियों से मुक्त होकर और पूरे सम्मान के साथ पार्टी में आगे बढ़ने के लिए उन्हें अपने छोटे भाई आनंद कुमार को साथ रखना पड़ा।
पार्टी में अब परिवार के दूसरे सदस्यों को लाभ नहीं-
मायावती ने कहा कि उनके भाई के बच्चों के बड़े और शादीशुदा होने के बाद उन्हें भी कई तरह की परिस्थितियों का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि, वह किसी के मोह में पड़कर पार्टी को नुकसान नहीं पहुंचाएंगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी संगठन में और भविष्य में सरकार बनने पर भी किसी व्यक्ति को जिम्मेदारी मिलने के बाद उसके परिवार के अन्य सदस्यों को किसी तरह का लाभ नहीं दिया जाएगा।
परिवारवाद से मुक्त रहेगी BSP-
मायावती ने कहा कि बसपा को आगे परिवारवाद से मुक्त रखना उनका लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि इससे सर्वसमाज के अधिक से अधिक लोग ‘सामाजिक परिवर्तन व आर्थिक मुक्ति’ आंदोलन से जुड़ सकेंगे, जो अम्बेडकरवादी राजनीति के लिए बेहद जरूरी है।
यह भी पढ़े- BRICS terrorism condemnation: आतंकवाद पर BRICS का वार, पहलगाम आतंकी हमले की भी की गई निंदा








