Kota News: गरीब और जरूरतमंद लोगों को सस्ती दर पर भोजन उपलब्ध कराने के लिए संचालित अन्नपूर्णा रसोई की व्यवस्थाओं का शनिवार को शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने औचक निरीक्षण किया। केशवपुरा चौराहे के पास एक ढाबे के निकट संचालित रसोई में पहुंचे मंत्री ने खुद भोजन कर उसकी गुणवत्ता और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उनकी थाली में जली हुई रोटियां परोसी गईं, जबकि चावल खत्म होने के कारण उन्हें चावल नहीं मिल सके। इसके अलावा भोजन परोसने और जूठी प्लेटें हटाने की व्यवस्था में भी कमियां सामने आईं।
अचानक रसोई पहुंचे मंत्री, खुद किया भोजन
मदन दिलावर शनिवार दोपहर करीब दो बजे बिना किसी पूर्व सूचना के अन्नपूर्णा रसोई पहुंचे। उनके साथ कुछ कार्यकर्ता भी मौजूद थे। मंत्री ने पहले रसोई की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और इसके बाद भोजन की गुणवत्ता जांचने के लिए आम व्यक्ति की तरह बैठकर खाना खाया। उन्होंने निर्धारित राशि का बिल भी भुगतान किया।
Kota News: थाली में मिली जली रोटियां, चावल भी खत्म
भोजन करने के बाद मंत्री ने कहा कि रसोई में भोजन की गुणवत्ता कुल मिला-कर ठीक थी, लेकिन उन्हें परोसी गई रोटियां जली हुई थीं। वहीं, चावल खत्म होने के कारण थाली में चावल नहीं दिए जा रहे थे। मंत्री ने कहा कि जरूरतमंद लोगों को निर्धारित मापदंडों के अनुरूप पूरा और गुणवत्तापूर्ण भोजन मिलना चाहिए।
भोजन परोसने और सफाई की व्यवस्था पर सवाल
निरीक्षण के दौरान भोजन परोसने की व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं मिली। मंत्री के अनुसार, भोजन करने वाले लोग खुद ही खाना लेकर अपनी थाली में परोस रहे थे। इसके बाद टेबल पर जूठी प्लेटें भी पड़ी मिलीं, जिन्हें उठा-ने की उचित व्यवस्था नहीं थी। इससे रसोई की सफाई और संचालन व्यवस्था पर सवाल खड़े हुए।
Kota News: निगम आयुक्त को जांच के निर्देश
औचक निरीक्षण के बाद मंत्री मदन दिलावर ने कोटा नगर निगम आयुक्त ओपी मेहरा को रसोई में मिल रही भोजन की गुणवत्ता और व्यवस्थाओं की जांच कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अन्नपूर्णा रसोई में निर्धारित मापदंडों के अनुसार भोजन उपलब्ध कराया जाना चाहिए और गुणवत्ता से किसी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए।
ये भी पढ़ें…ENG vs pk: इंग्लैंड ने पाकिस्तान को किया टेस्ट सीरीज में 3-0 से वाइटवॉश








