Home » उत्तर प्रदेश » एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत से दिन निकलते ही सहारनपुर में फैली सनसनी, जांच में जुटी पुलिस

एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत से दिन निकलते ही सहारनपुर में फैली सनसनी, जांच में जुटी पुलिस

Saharanpur News
Saharanpur News

Saharanpur News: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले से एक बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आई है, जहां सरसावा थाना क्षेत्र की कौशिक बिहार कॉलोनी में एक घर के अंदर एक ही परिवार के पांच सदस्यों के शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। मृतकों की पहचान अशोक राठी, उनकी पत्नी अजिता, मां विद्यावती और दो बेटे कार्तिक व देव के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सभी की मौत गोली लगने से होने की पुष्टि हुई है, जिससे मामला और भी गंभीर हो गया है।

मौके पर भारी पुलिस बल तैनात

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई। एसपी देहात सागर जैन पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और इलाके को सील कर जांच शुरू कर दी। बाद में DIG अभिषेक सिंह और SSP/DIG आशीष तिवारी भी मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस को कमरे से तीन तमंचे बरामद हुए हैं, जो प्रथम दृष्टया लाइसेंसी नहीं बताए जा रहे हैं। इसके अलावा मृतकों के मोबाइल फोन भी जांच के लिए कब्जे में ले लिए गए हैं।

Saharanpur News: नजदीक से मारी गई गोली?

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अशोक राठी के सीने पर जबकि बच्चों के माथे पर गोली के निशान मिले हैं। मां और पत्नी को भी गोली लगी है। जांच में सामने आया है कि गोली पॉइंट ब्लैंक रेंज यानी बेहद नजदीक से मारी गई है। मामले में SSP आशीष तिवारी ने बताया कि सभी शव एक ही कमरे में पाए गए हैं और तमंचे अशोक राठी के पास से मिले हैं। प्रथम दृष्टया मामला सामूहिक आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों एंगल से जांच कर रही है।

शांत स्वभाव का था परिवार

मृतक अशोक राठी नकुड़ तहसील में अमीन के पद पर तैनात थे। उन्हें यह नौकरी अपने पिता की मृत्यु के बाद मृतक आश्रित कोटे में मिली थी। उनका बेटा देव कस्बे के एक निजी स्कूल में कक्षा 9 का छात्र था, जबकि कार्तिक नकुड़ के एक इंटर कॉलेज में कक्षा 10 में पढ़ता था। पड़ोसियों के मुताबिक, परिवार का स्वभाव बेहद शांत था और किसी से कोई विवाद नहीं था। ऐसे में इस घटना ने सभी को स्तब्ध कर दिया है और यह सवाल खड़ा हो गया है कि आखिर ऐसा क्या हुआ कि पूरा परिवार इस भयावह अंजाम तक पहुंच गया। फिलहाल, पुलिस ने शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

ये भी पढ़े… मुजफ्फरनगर में प्रेम प्रसंग का खौफनाक अंत! 35 दिन बाद खेत से मिला लापता युवक का कंकाल, साली के भाइयों पर हत्या का मुकदमा