BJP National President: भारतीय जनता पार्टी को आज औपचारिक रूप से नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिलने जा रहा है। नितिन नबीन मंगलवार को पार्टी के शीर्ष पद का कार्यभार संभालेंगे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे।
पदभार संभालने से पहले आस्था का संदेश
राष्ट्रीय अध्यक्ष का दायित्व ग्रहण करने से पहले नितिन नबीन ने दिल्ली के करोल बाग स्थित प्रसिद्ध झंडेवालान देवी मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने गुरुद्वारा श्री बंगला साहिब पहुंचकर मत्था टेका। इन धार्मिक स्थलों पर उनकी उपस्थिति को नई जिम्मेदारी से पहले आशीर्वाद लेने के रूप में देखा जा रहा है।
BJP National President: भाजपा के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष बनेंगे नबीन
नितिन नबीन को मंगलवार को औपचारिक रूप से भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित किया जाएगा। वह पार्टी के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष होंगे। खास बात यह है कि 45 वर्ष की उम्र में वे इस पद पर पहुंचने वाले अब तक के सबसे युवा नेताओं में शामिल हो गए हैं।
निर्विरोध चुनाव से संगठन की एकजुटता
सोमवार को नितिन नबीन ने भाजपा अध्यक्ष पद के लिए एकमात्र उम्मीदवार के रूप में नामांकन दाखिल किया था। उनके समर्थन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित कई वरिष्ठ नेताओं, मुख्यमंत्रियों और विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधियों ने नामांकन पत्र जमा किए। इससे पार्टी में मजबूत एकजुटता का संदेश गया।
BJP National President: नामांकन प्रक्रिया पूरी, जीत तय
भाजपा के राष्ट्रीय रिटर्निंग ऑफिसर के. लक्ष्मण ने जानकारी दी कि नामांकन और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद केवल नितिन नबीन का नाम ही सामने आया। उनके समर्थन में 37 सेट नामांकन पत्र प्राप्त हुए, जिन्हें जांच के बाद वैध पाया गया। इसके साथ ही उनके निर्विरोध निर्वाचन का रास्ता साफ हो गया।
पहले भी निभा चुके हैं बड़ी जिम्मेदारी
गौरतलब है कि 14 दिसंबर 2025 को नितिन नबीन को पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। उस समय भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और निवर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने उन पर भरोसा जताया था।
ये भी पढ़े… दावोस में महाराष्ट्र की बड़ी छलांग! सीएम फडणवीस की अगुवाई में हजारों करोड़ के निवेश समझौते







