Saharanpur News: महिला सशक्तिकरण और खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच प्रदान करने वाली खेलो इंडिया अस्मिता किकबॉक्सिंग जोनल लीग 2025-26 (नॉर्थ जोन) में सहारनपुर की दो प्रतिभाशाली किकबॉक्सिंग खिलाड़ी गुनगुन और हिना उत्तर प्रदेश टीम की ओर से अपनी ताकत, तकनीक और जज्बे का प्रदर्शन करेंगी। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 22 से 25 जनवरी तक जम्मू यूनिवर्सिटी, जम्मू में आयोजित की जा रही है।
भव्य सम्मान समारोह का आयोजन
प्रतियोगिता के लिए रवाना होने से पूर्व डॉ. भीमराव अम्बेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम, सहारनपुर में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें खेल प्रेमियों, प्रशिक्षकों और खेल अधिकारियों ने दोनों खिलाड़ियों का गर्मजोशी से स्वागत किया। फूल-मालाओं के साथ खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी गईं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
किकबॉक्सिंग एसोसिएशन ऑफ सहारनपुर के अध्यक्ष अजय कुमार एवं सचिव मनोज प्रजापति ने जानकारी देते हुए बताया कि नॉर्थ जोन लीग के लिए मेरठ में कड़े और प्रतिस्पर्धात्मक ट्रायल आयोजित किए गए थे, जिनमें प्रदेशभर की प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इन ट्रायल्स में गुनगुन ने प्वाइंट फाइट इवेंट के -32 किलोग्राम भार वर्ग में तथा हिना ने 65 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया और उत्तर प्रदेश टीम में चयनित हुईं। दोनों खिलाड़ी इससे पूर्व भी कई जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर सहारनपुर का नाम रोशन कर चुकी हैं। सम्मान समारोह के दौरान क्रीड़ाधिकारी राहुल चोपड़ा ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि सहारनपुर की बेटियां आज खेल के हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रही हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि गुनगुन और हिना खेलो इंडिया अस्मिता किकबॉक्सिंग नॉर्थ जोन लीग में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पदक जीतेंगी और जिले व प्रदेश का गौरव बढ़ाएंगी।
Saharanpur News: खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना
प्रतियोगिता के लिए रवाना होने से पहले दोनों खिलाड़ियों को सहारनपुर मंडल ओलंपिक संघ के सचिव डॉ. अशोक कुमार गुप्ता, जिला ओलंपिक संघ सहारनपुर के सचिव डॉ. संदीप गुप्ता, सहायक प्रशिक्षक (बॉक्सिंग) प्रवीन कुमार, कुश्ती प्रशिक्षक आदेश कुमार, विशाल, मनोज प्रजापति, अजय कुमार, रवि कोरी, रमा आर्य, लखन कुमार सहित अन्य खेल प्रशिक्षकों, पदाधिकारियों और खिलाड़ियों ने जीत की अग्रिम शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने दोनों खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आशा व्यक्त की कि सहारनपुर की ये बेटियां अपने दमदार पंच और किक्स से राष्ट्रीय मंच पर अपनी अलग पहचान बनाएंगी।
ये भी पढ़े… ‘यूपी अब ‘उपद्रव से उत्सव’ की ओर…’ प्रदेशवासियों को पत्र लिख CM योगी ने क्या कहा?







