Home » राष्ट्रीय » गांधी पुण्यतिथि: पीएम मोदी ने किया नमन, स्वदेशी को बताया आत्मनिर्भर भारत की ताकत

गांधी पुण्यतिथि: पीएम मोदी ने किया नमन, स्वदेशी को बताया आत्मनिर्भर भारत की ताकत

बापू की पुण्यतिथि पर देश ने किया नमन

Gandhi Punyatithi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 78वीं पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर उन्होंने कहा कि बापू के विचार और आदर्श आज भी देश को एक विकसित भारत बनाने की प्रेरणा देते हैं।

अहिंसा और सत्य आज भी मानवता का सबसे बड़ा रास्ता

पीएम मोदी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि महात्मा गांधी को उनकी पुण्यतिथि पर शत-शत नमन। उन्होंने कहा कि बापू हमेशा स्वदेशी को महत्व देते थे और यही सोच आज आत्मनिर्भर और विकसित भारत के संकल्प की नींव है। पीएम मोदी के अनुसार, गांधीजी का जीवन और उनके कार्य देशवासियों को कर्तव्य के रास्ते पर चलने की प्रेरणा देते रहेंगे।

प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि महात्मा गांधी ने मानवता की रक्षा के लिए अहिंसा को सबसे बड़ा हथियार माना। अहिंसा में इतनी ताकत है कि वह बिना किसी हथियार के पूरी दुनिया को बदल सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि अहिंसा ही सबसे बड़ा धर्म, सबसे बड़ा तप और परम सत्य है, जिससे धर्म और मानवता की स्थापना होती है।

Gandhi Punyatithi: केंद्रीय मंत्रियों ने किया गांधी विचारों का स्मरण

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने भी गांधी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और सद्भाव के सिद्धांत आज भी भारत ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया को सही रास्ता दिखा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बापू का जीवन सेवा, समर्पण और नैतिक साहस की सीख देता है।

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अपने संदेश में कहा कि सत्य, करुणा और अहिंसा के मार्गदर्शक राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को वह भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि गांधीजी ने स्वच्छता को स्वराज की बुनियाद माना था और हमें स्वच्छ भारत के संकल्प के साथ उनके सपनों का भारत बनाने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।

मुख्यमंत्रियों ने बताया बापू का जीवन प्रेरणा का स्रोत

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी गांधी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि बापू ने सत्य, अहिंसा और एकता के संदेश के जरिए मानवता की सेवा का मार्ग दिखाया। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी का जीवन लोककल्याण और जनसेवा का एक प्रेरणादायक उदाहरण है।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि महात्मा गांधी ने पूरी दुनिया को सत्य, अहिंसा और सेवा का रास्ता दिखाया। उन्होंने बापू के जीवन को त्याग, तपस्या और राष्ट्रसेवा का अमर संदेश बताया, जो समाज को न्याय, शांति और समरसता की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देता रहेगा।