Captain Smit Machchhar: फ्लायदुबई की फ्लाइट में कथित तौर पर को-पायलट के हमले में घायल हुए भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार की सेहत में सुधार हो रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को वीडियो कॉल के जरिए उनसे बात कर स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनके साहस की सराहना की। कैप्टन स्मित की बहादुरी से प्रभावित इजरायल ने उन्हें औपचारिक सम्मान देने का ऐलान किया है। भारत में इजरायल के राजदूत रुवेन अजार ने स्मित को ‘हीरो’ बताते हुए कहा कि उनके साहस, धैर्य और सूझबूझ ने विमान में सवार लोगों की जान बचाने में अहम भूमिका निभाई।
चाकू से हमले के बावजूद खोया नहीं हौसला
घटना के दौरान कैप्टन स्मित पर कथित तौर पर चाकू से हमला किया गया था। इसके बावजूद उन्होंने कॉकपिट का दरवाजा खोलने में सफलता हासिल की। इसके बाद यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को कॉकपिट तक पहुंचने का मौका मिला। घटना के बाद विमान को सुरक्षित उतारा गया।
Captain Smit Machchhar: इजरायली राजदूत बोले- स्मित को कभी नहीं भूलेंगे
राजदूत रुवेन अजार ने कहा कि इजरायल उन लोगों को कभी नहीं भूलता, जिन्होंने संकट के समय उसके नागरिकों की मदद की। उन्होंने कहा कि इजरायल के प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति, संसद के स्पीकर और वहां के लोग कैप्टन स्मित के आभारी हैं। अजार ने स्मित को भारत का महान नायक बताते हुए कहा कि उनके साहस को इजरायल में पहचान और सम्मान दिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि मुश्किल परिस्थिति में स्मित ने अपने शांत रवैये, दृढ़ता और अनुभव का परिचय दिया।
Captain Smit Machchhar: इजरायल में मिलेगा औपचारिक सम्मान
इजरायली राजदूत के मुताबिक कैप्टन स्मित मच्छार को इजरायल में औपचारिक रूप से सम्मानित किया जाएगा। फ्लाइट में बड़ी संख्या में इजरायली नागरिक सवार थे। ऐसे में उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने में कैप्टन स्मित की भूमिका को इजरायल विशेष महत्व दे रहा है।









