Budget 2026: उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में एक स्थानीय कलाकार ने अपनी कला के माध्यम से बजट को लेकर जनता की भावनाओं और अपेक्षाओं को जीवंत रूप दे दिया है। दरअसल, अमरोहा के प्रसिद्ध चित्रकार जुहैब खान ने कोयले की मदद से दीवार पर केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की लगभग छह फीट ऊंची भव्य तस्वीर उकेरी है। यह चित्र न केवल अपने आकार के कारण आकर्षण का केंद्र बना है, बल्कि इसके प्रतीकात्मक संदेश ने भी लोगों का ध्यान खींचा है।
चित्र में झलकती है देश की अर्थव्यवस्था
इस कलाकृति में ‘बजट 2026’ को प्रमुखता से दर्शाया गया है। चित्र में वित्त मंत्री के हाथ में लाल रंग का बजट बैग दिखाया गया है, जिसमें टैबलेट रखा हुआ है, जो आधुनिक और डिजिटल भारत की ओर इशारा करता है। इसके साथ ही चित्र में खुशहाल परिवार, सीमा पर तैनात जवान, और विकास से जुड़े कई प्रतीकात्मक दृश्य उकेरे गए हैं। ये सभी तत्व देश की मजबूत अर्थव्यवस्था, राष्ट्रीय सुरक्षा और सामाजिक समृद्धि का संदेश देते हैं। दीवार पर बनी यह कलाकृति राहगीरों और स्थानीय लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। लोग रुक-रुक कर तस्वीर को देख रहे हैं और कलाकार की सराहना कर रहे हैं।
Budget 2026: कोयले से दीवारों पर उकेरते हैं समसामयिक घटनाएं
चित्रकार जुहैब खान ने बताया कि वह समय-समय पर राष्ट्रीय, सामाजिक और समसामयिक घटनाओं से प्रेरित होकर कोयले के माध्यम से दीवारों पर चित्र बनाते हैं। उनका मानना है कि कला समाज से जुड़ने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय बजट देश की दिशा और दशा तय करता है। इस बजट से आम जनता को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। सरकार के फैसले देश को विकास की नई राह पर ले जाएंगे। इसी भावना को मैंने अपनी कला के जरिए व्यक्त करने की कोशिश की है।
Report BY: मौ. अज़ीम
ये भी पढ़े… बजट में क्या सस्ता.. क्या महंगा? आ गई लिस्ट देखें…







