भारत और कनाडा के रिश्तों में लंबे समय बाद व्यापार के मोर्चे पर तेजी दिखाई दे रही है। कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने संकेत दिया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिसंबर में कनाडा का दौरा कर सकते हैं। संभावित दौरे को दोनों देशों के बीच प्रस्तावित व्यापार समझौते की बातचीत के अंतिम चरण से जोड़कर देखा जा रहा है। कार्नी ने न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा से जुड़े कार्यक्रमों के दौरान भारत के साथ चल रही बातचीत पर जानकारी दी। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच व्यापार वार्ता आगे बढ़ रही है और साल के अंत तक समझौते को पूरा करने की दिशा में प्रयास जारी हैं।









