Jaldapara Exam Security: अनिशा पोद्दार, अलीपुरद्वार, माध्यमिक परीक्षा को ध्यान में रखते हुए जलदापाड़ा राष्ट्रीय उद्यान क्षेत्र में वन विभाग ने छात्रों की सुरक्षा और सुविधा के लिए खास इंतज़ाम किए हैं। वनांचल इलाकों में रहने वाले छात्र-छात्राओं को सुरक्षित तरीके से परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने के लिए विभाग की ओर से विशेष वाहनों की व्यवस्था की गई है।

घर से केंद्र तक विशेष वाहन सेवा
इन वाहनों के जरिए परीक्षार्थियों को उनके घर से परीक्षा केंद्र तक लाया जाएगा और परीक्षा खत्म होने के बाद उन्हें सुरक्षित वापस घर पहुंचाया जाएगा। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि छात्रों के साथ किसी भी तरह की अनहोनी न हो और वे बिना डर के परीक्षा दे सकें।
इसके अलावा, वन विभाग ने सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए रूट मार्च भी शुरू किया है। इस काम के लिए करीब 400 वनकर्मियों को तैनात किया गया है। कुल 32 वाहन लगाए गए हैं, जिनमें 3 रिज़र्व वाहन और वन विभाग का 1 विशेष वाहन शामिल है।

वनकर्मी लगभग 296 किलोमीटर लंबे वन क्षेत्र में लगातार निगरानी कर रहे हैं, ताकि कोई भी छात्र जंगल के अंदर से शॉर्टकट रास्तों का इस्तेमाल न करे और जंगली जानवरों के खतरे से सुरक्षित रहे।
Jaldapara Exam Security: पुलिस और प्रशासन की संयुक्त पहल
इस साल अलीपुरद्वार जिले में करीब 23 हजार छात्र-छात्राएं माध्यमिक परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। छात्रों की मदद के लिए जिला पुलिस ने एक हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी खुद परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर छात्रों से बातचीत कर रहे हैं और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर रहे हैं। प्रशासन के अनुसार, आज परीक्षा में शामिल हुए कुल परीक्षार्थियों की संख्या की जानकारी थोड़ी देर बाद साझा की जाएगी।
Report By: Pijush






