TMC internal conflict: पश्चिम बंगाल की बंगाल आवास योजना में कथित कटमनी के विरोध पर तृणमूल कांग्रेस के ही एक कार्यकर्ता पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। यह घटना कोचबिहार जिले के माथाभांगा-1 ब्लॉक अंतर्गत नयारहाट ग्राम पंचायत के चोंगारखाता खागड़ाबाड़ी इलाके में रविवार देर रात हुई, जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
घर लौटते समय हुआ हमला
जानकारी के मुताबिक, तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ता सुनील बर्मन ट्यूशन पढ़ाकर रात में घर लौट रहे थे, तभी पार्टी से जुड़े कुछ लोगों ने उन पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए, जिसके बाद उन्हें तुरंत माथाभांगा महकुमा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
TMC internal conflict: कटमनी के विरोध के बाद मिल रही थीं धमकियां
घायल सुनील बर्मन ने आरोप लगाया है कि उन्होंने बंगाल आवास योजना में कटमनी न देने की अपील करते हुए माइक के जरिए प्रचार किया था। इसके बाद से ही उन्हें लगातार धमकियां मिल रही थीं। उनका कहना है कि योजना में भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने की वजह से ही उन्हें निशाना बनाया गया।
एक और कार्यकर्ता को धमकी का आरोप
इस मामले में एक अन्य तृणमूल कार्यकर्ता को भी धमकी दिए जाने का आरोप सामने आया है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में डर और आक्रोश का माहौल है। वहीं, राजनीतिक हलकों में भी इस हमले को लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।
TMC internal conflict: पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की पहचान की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
report by- pijush






