Bihar News: बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा आयोजित इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा 2026 को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। परीक्षा के पहले हीं दिन लापरवाही बरतने वाले एक अधिकारी के खिलाफ जिलाधिकारी उदिता सिंह ने कड़ी कार्रवाई की है। डीएम ने परीक्षा ड्यूटी से गायब रहने वाले एक अधिकारी का एक दिन का वेतन स्थगित करते हुए उनसे 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है।
ड्यूटी से गायब और मोबाइल बंद
बता दें कि 02 फरवरी से 13 फरवरी तक चलने वाली इंटरमीडिएट परीक्षा के सफल और कदाचारमुक्त संचालन के लिए विशेष दलों का गठन किया गया है। बीपीआईयू, कोचस के प्रखंड परियोजना प्रबंधक विनय कुमार बैठा को प्रश्न पत्र वितरण सह उत्तर पुस्तिका संग्रह दल में प्रतिनियुक्त किया गया था, लेकिन परीक्षा के पहले दिन हीं विनय कुमार बैठा अपने निर्धारित स्थल पर अनुपस्थित पाए गए और उनका मोबाइल फोन भी बंद मिला।
Bihar News: डीएम ने 24 घंटे में मांगा जवाब
जिलाधिकारी उदिता सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विनय कुमार बैठा से 24 घंटे के भीतर लिखित स्पष्टीकरण मांगा है। उन्होंने कहा कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर संतोषजनक जवाब नहीं मिलता है, तो बिहार परीक्षा संचालन अधिनियम, 1981 की कंडिका-09 के तहत उनके विरुद्ध कठोर अनुशासनिक कार्रवाई की जाएगी।
वेतन पर रोक
डीएम ने स्पष्टीकरण स्वीकार होने तक संबंधित अधिकारी का एक दिन का वेतन भी स्थगित कर दिया है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि परीक्षा ड्यूटी में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और परीक्षा के सफल संचालन में बाधा पहुँचाने वाला कोई भी कृत्य स्वीकार्य नहीं होगा।
Report BY: Divakar Tiwari






