Home » पश्चिम बंगाल » साइक्लोन ‘मुरासु’ का खतरा: 120 किमी/घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

साइक्लोन ‘मुरासु’ का खतरा: 120 किमी/घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

Cyclone Murasu:

Cyclone Murasu: बंगाल की खाड़ी में उठा गंभीर चक्रवाती तूफान ‘मुरासु’ दक्षिण भारत के कई राज्यों में तबाही मचा सकता है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, यह तूफान दो नवंबर की आधी रात से तीन नवंबर की सुबह के बीच आंध्र प्रदेश के तट से टकरा सकता है। इस दौरान 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है, जबकि तेज झोंकों के साथ इनकी रफ्तार 120 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। तूफान के खतरे को देखते हुए मौसम विभाग ने कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

Cyclone Murasu: आंध्र प्रदेश के तट से टकरा सकता है तूफान

आईएमडी के अनुसार, चक्रवाती तूफान ‘मुरासु’ बंगाल की खाड़ी के पश्चिम-मध्य हिस्से में बना हुआ है। इसके दो नवंबर की आधी रात से तीन नवंबर की सुबह के बीच आंध्र प्रदेश के तट पर पहुंचने की संभावना है। मौसम विभाग का अनुमान है कि तूफान नेल्लोर और नरसापुर के बीच, ओंगोल के दक्षिण में तट पार कर सकता है। इस दौरान हवा की रफ्तार 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटे रहने की आशंका है। वहीं, तेज झोंकों के साथ हवा की गति 120 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

Cyclone Murasu: इन शहरों के पास पहुंचा चक्रवाती तूफान

आईएमडी के मुताबिक, तूफान पिछले छह घंटों के दौरान 14 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ा है। दो नवंबर को सुबह 11:30 बजे तूफान नेल्लोर से लगभग 120 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में, कवाली से 140 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में, चेन्नई से 170 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में और ओंगोल से 180 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में स्थित था। मौसम विभाग के मुताबिक, चेन्नई, मछलीपट्टनम और विशाखापत्तनम के डॉप्लर वेदर रडार लगातार तूफान की गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं।

इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

चक्रवाती तूफान ‘मुरासु’ के प्रभाव से दक्षिण भारत के कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। आईएमडी ने अलग-अलग राज्यों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है।

आंध्र प्रदेश: दो और तीन नवंबर को तटीय आंध्र प्रदेश और रायलसीमा में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में अत्यधिक भारी बारिश की भी आशंका है।

तेलंगाना: दो और तीन नवंबर को कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है। तीन नवंबर को कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है।

तमिलनाडु: दो नवंबर को भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा तीन नवंबर और पांच से सात नवंबर के बीच कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है।

ओडिशा: दो से चार नवंबर के बीच कुछ इलाकों में भारी बारिश का अनुमान है।

केरल: दो से चार नवंबर और सात से आठ नवंबर के बीच कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।

मध्य प्रदेश समेत इन राज्यों में भी बारिश की संभावना

आईएमडी ने दक्षिण भारत के अलावा कर्नाटक, मध्य महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, बिहार और पूर्वोत्तर भारत के कुछ राज्यों में भी बारिश होने की संभावना जताई है। चक्रवाती तूफान के संभावित असर को देखते हुए मौसम विभाग लगातार इसकी दिशा, गति और तीव्रता पर नजर बनाए हुए है।

यह भी पढ़े- मुख्य चुनाव आयुक्त की नियुक्ति पर क्यों उठ रहे सवाल? 2023 के कानून में ऐसा क्या है, जिस पर हो रहा विवाद