Rahul Gandhi Debate: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बीच एक बार फिर जुबानी जंग तेज हो गई है। पीएम मोदी के विदेशी ताकतों और सोशल मीडिया के जरिए देश को बांटने की कोशिशों वाले बयान पर राहुल गांधी ने पलटवार किया है। उन्होंने प्रधानमंत्री को खुली बहस की चुनौती देते हुए कहा कि वह किसी भी मंच पर और किसी भी समय बहस करने के लिए तैयार हैं।
Rahul Gandhi Debate: राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर लगाए गंभीर आरोप
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “मोदी जी, इस देश से झूठ बोलना बंद कीजिए। आप विदेशी मदद से प्रधानमंत्री बने और विदेशी मदद से ही प्रधानमंत्री बने हुए हैं।” उन्होंने आगे आरोप लगाया कि देश की आर्थिक व्यवस्था विदेशियों के नियंत्रण और समर्थन में है। राहुल गांधी ने विदेशी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि वे पूरी तरह प्रधानमंत्री के साथ खड़े हैं। कांग्रेस नेता ने पीएम मोदी को चुनौती देते हुए कहा कि वह इस मुद्दे पर किसी भी मंच पर, किसी भी समय खुली बहस के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि अगर प्रधानमंत्री में हिम्मत है तो उन्हें बहस के लिए सामने आना चाहिए। राहुल गांधी ने यह भी दावा किया कि प्रधानमंत्री उनसे इसलिए बहस नहीं करेंगे, क्योंकि वह उनके बारे में कई बातें जानते हैं।
Rahul Gandhi Debate: पीएम मोदी ने विदेशी ताकतों को लेकर क्या कहा था?
दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हाल ही में गुजरात के नर्मदा जिले के एकता नगर में राष्ट्रीय एकता दिवस कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। यह कार्यक्रम सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर आयोजित किया गया था। अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा था कि कुछ ताकतें लगातार भारत को बांटने की कोशिश कर रही हैं। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए अफवाहें फैलाने और देश की छवि खराब करने के प्रयासों पर भी चिंता जताई थी। प्रधानमंत्री ने देशवासियों से ऐसी चुनौतियों के खिलाफ एकजुट होकर खड़े होने की अपील की थी।
वोट चोरी के मुद्दे पर भी आमने-सामने हैं बीजेपी-कांग्रेस
राहुल गांधी का यह बयान ऐसे समय आया है, जब कथित वोट चोरी के मुद्दे पर बीजेपी और कांग्रेस के बीच पहले से ही राजनीतिक टकराव जारी है। पिछले कुछ दिनों में दोनों दलों की ओर से इस मुद्दे पर अलग-अलग रैलियां और कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं।कांग्रेस लगातार चुनावी प्रक्रिया और मतदाता सूची को लेकर सवाल उठा रही है, जबकि बीजेपी इन आरोपों का विरोध कर रही है। ऐसे में राहुल गांधी की ओर से पीएम मोदी को खुली बहस की चुनौती दिए जाने के बाद राजनीतिक बयानबाजी और तेज होने की संभावना है।
यह भी पढ़े- IND vs NZ: पहले वनडे में इन 5 खिलाड़ियों को बैठना पड़ सकता है बाहर, गिल-गंभीर लेंगे फैसला








