Bengal Crime: उत्तर 24 परगना जिले के संदेशखाली थाना क्षेत्र में हुई डकैती की वारदात का पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। घटना के महज 48 घंटे के भीतर संदेशखाली थाना पुलिस ने पूरी डकैत टोली को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने डकैती में लूटे गए सोने और चांदी के गहनों को भी बरामद कर लिया है। इस मामले में कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
अकेली महिला को बनाया निशाना
पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह घटना 31 जनवरी की रात संदेशखाली थाना क्षेत्र के मणिपुर इलाके में हुई थी। रात के समय एक गृहिणी अपने घर में अकेली थी। इसी दौरान छह सशस्त्र डकैतों ने घर का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसकर वारदात को अंजाम दिया।
Bengal Crime: मारपीट कर लूटे गहने
डकैतों ने महिला के साथ बेरहमी से मारपीट की और घर में रखे सोने व चांदी के गहने लूट लिए। मारपीट में महिला के कान समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं और वह लहूलुहान हो गई। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
48 घंटे में सभी आरोपी दबोचे
सूचना मिलते ही संदेशखाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस ने अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर संदेशखाली सहित अन्य जिलों से सभी छह डकैतों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों के पास से लूटे गए गहने भी बरामद किए गए हैं।
Bengal Crime: पुलिस रिमांड पर भेजे गए आरोपी
शनिवार को सभी गिरफ्तार आरोपियों को बसिरहाट महकुमा अदालत में पेश किया गया, जहां पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की अनुमति मांगी। इस संबंध में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मिनाखा के एसडीपीओ कौशिक बसाक ने बताया कि पुलिस हिरासत के दौरान आरोपियों से पूछताछ कर इस गिरोह से जुड़े अन्य मामलों और संभावित सहयोगियों के बारे में जानकारी जुटाई जाएगी।
REPORT BY – PIJUSH
ये भी पढ़े… इलाहाबाद हाईकोर्ट का बड़ा फैसला: निजी परिसर में पूजा-पाठ के लिए अनुमति जरूरी नहीं







