MP News: केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अशोकनगर जिले के दौरे के दौरान एक बार फिर त्वरित प्रशासनिक कार्रवाई का उदाहरण पेश किया। स्थानीय युवाओं की शिकायत पर उन्होंने तुरंत हस्तक्षेप करते हुए इलाके के एकमात्र खेल के मैदान से अतिक्रमण हटवाया, जिससे युवाओं को फिर से खेलने का अवसर मिला।
युवाओं की शिकायत पर तुरंत संज्ञान
मंगलवार को जब केंद्रीय मंत्री गुना लोकसभा क्षेत्र के तहत अशोकनगर के डूंगरसरा गांव में एक सबस्टेशन के शिलान्यास समारोह के लिए जा रहे थे, तभी कुछ युवाओं ने उनका काफिला रोक लिया। युवाओं ने मंत्री को बताया कि गांव के एकमात्र खेल मैदान पर कुछ लोगों ने कब्जा कर लिया है। सिंधिया गाड़ी से बाहर आए, युवाओं की बात ध्यान से सुनी और मौके पर ही जिला कलेक्टर व पुलिस अधीक्षक को समस्या के समाधान के निर्देश दिए।
MP News:दो घंटे में हटाया गया अतिक्रमण
केंद्रीय मंत्री के स्पष्ट निर्देश के बाद प्रशासन हरकत में आया और मात्र दो घंटे के भीतर खेल मैदान से अतिक्रमण हटवा दिया गया। इस त्वरित कार्रवाई से स्थानीय युवाओं में खुशी की लहर दौड़ गई और मैदान एक बार फिर खेल गतिविधियों के लिए खुल गया।
युवाओं से मुलाकात और दिव्यांगों के लिए संदेश
कार्यक्रम से लौटते समय सिंधिया ने देखा कि युवा उसी मैदान में खेल रहे हैं। उन्होंने न केवल उनसे दोबारा मुलाकात की, बल्कि उनके साथ क्रिकेट खेलकर उनका उत्साह भी बढ़ाया। अपने दौरे के दौरान दिव्यांगों के कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि 8,240 दिव्यांगों को सेवाएं देने का लक्ष्य सिर्फ आंकड़ा नहीं, बल्कि हजारों परिवारों की गरिमा और भविष्य से जुड़ी प्रतिबद्धता है।







