Noida News: नोएडा सेक्टर-39 थाना क्षेत्र स्थित गार्डन गैलेरिया मॉल में शुक्रवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक पब के बाहर डांस को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मामूली कहासुनी से शुरू हुआ मामला देखते ही देखते लात-घूंसे और थप्पड़ों की जमकर मारपीट में बदल गया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें युवक एक-दूसरे से भिड़ते हुए साफ तौर पर दिखाई दे रहे हैं।
पब के अंदर शुरू हुआ था विवाद
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गार्डन गैलेरिया मॉल स्थित एक पब में डांस के दौरान दो समूहों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। शुरुआत में दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, लेकिन पब से बाहर निकलते ही मामला और बिगड़ गया। बाहर आते ही दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए और मॉल परिसर में खुलेआम मारपीट शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मारपीट इतनी बढ़ गई कि कुछ लोग जमीन पर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों और मॉल स्टाफ ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन कुछ देर तक हालात बेकाबू बने रहे, जिससे मॉल में मौजूद अन्य लोगों में भी दहशत का माहौल बन गया।
Noida News: सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
घटना के दौरान किसी व्यक्ति ने पूरी मारपीट का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जिसे बाद में सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया गया। वीडियो के वायरल होते ही मामले ने तूल पकड़ लिया। वायरल वीडियो में युवक एक-दूसरे को धक्का देते, मुक्के मारते और जमीन पर गिराकर पीटते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए जांच शुरू की।
पुलिस ने सात लोगों को हिरासत में लिया
सूचना मिलते ही थाना सेक्टर-39 पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों से जुड़े कुल सात लोगों को हिरासत में लिया है। सभी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मामला आपसी विवाद का पाया गया है और आरोपियों के खिलाफ शांति भंग करने समेत अन्य संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।
Noida News: पहले भी सामने आ चुकी हैं ऐसी घटनाएं
गौरतलब है कि गार्डन गैलेरिया मॉल में इससे पहले भी मारपीट, हंगामा और विवाद की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इन घटनाओं को लेकर पुलिस और प्रशासन द्वारा समय-समय पर सख्ती के दावे किए जाते रहे हैं, बावजूद इसके इस तरह की घटनाओं का दोहराया जाना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।
ये भी पढ़े… योगी सरकार का अभियान लाया रंग, मुरादाबाद मंडल में लाखों उपभोक्ताओं को बिजली बिल में मिली भारी छूट







