Home » उत्तर प्रदेश » ग्रेटर नोएडा वेस्ट में गूंजा हिन्दू एकता का शंखनाद, विराट सम्मेलन में उमड़ा जनसैलाब

ग्रेटर नोएडा वेस्ट में गूंजा हिन्दू एकता का शंखनाद, विराट सम्मेलन में उमड़ा जनसैलाब

Greater Noida News

Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा वेस्ट सेक्टर-3 स्थित जेबीएम पार्क में 8 फरवरी को भव्य हिन्दू विराट सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में संत-महात्माओं, विद्वानों, मातृशक्ति और हिन्दू समाज के लोगों ने सहभागिता की। सम्मेलन का उद्देश्य हिन्दू समाज को एकजुट करना, सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा और राष्ट्र निर्माण में समाज की भूमिका को सशक्त करना रहा। आयोजन में लगभग 650 लोगों की उपस्थिति दर्ज की गई।

भारत में रहने वाला व्यक्ति हिन्दू संस्कृति से जुड़ा हुआ

सम्मेलन के दौरान विभिन्न संतों और वक्ताओं ने हिन्दू एकता, हिन्दू संस्कृति का संरक्षण, अपनी वेशभूषा और परंपराओं की रक्षा, मातृशक्ति के सम्मान, पर्यावरण संरक्षण, स्वाभिमान और राष्ट्र रक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में हिन्दू समाज का संगठित होना अत्यंत आवश्यक है, ताकि सांस्कृतिक और सामाजिक मूल्यों की रक्षा की जा सके।

कई संतों ने अपने संबोधन में यह भी कहा कि भारत में रहने वाला हर व्यक्ति मूल रूप से हिन्दू संस्कृति से जुड़ा हुआ है। कुछ लोगों ने समय के साथ अपनी पूजा पद्धति बदली है, लेकिन उनके पूर्वज हिन्दू ही रहे हैं। इस संदर्भ में संतों ने समाज से घर वापसी का आह्वान करते हुए ऐसे लोगों को अपनाने और सम्मान देने की अपील की। सम्मेलन में मातृशक्ति की विशेष भूमिका देखने को मिली। बाल कलाकारों के माध्यम से “पंच परिवर्तन” विषय पर सुंदर सांस्कृतिक प्रस्तुति दी गई, जिसने उपस्थित जनसमूह को गहराई से प्रभावित किया। कार्यक्रम में मातृशक्ति की सहभागिता और योगदान को विशेष रूप से सराहा गया।

Greater Noida News: समाज को एकजुट होकर आगे बढ़ने का संदेश

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता मुकेश ने स्वबोध विषय पर अपने विचार रखते हुए इजराइल का उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि इजराइल ने अपनी भाषा और राष्ट्रीय गौरव को पुनः स्थापित करने के लिए निरंतर प्रयास किए। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि अपनी भाषा को घर में बोलना, अपनी संस्कृति से जुड़ाव बनाए रखना और आत्मसम्मान को मजबूत करना हर समाज के लिए आवश्यक है। यह सम्मेलन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में देशभर में आयोजित हो रहे हिन्दू विराट सम्मेलनों की श्रृंखला का हिस्सा बताया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि स्वामी शिवानंद गिरी जी रहे। विशिष्ट अतिथियों में श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर योगिनी पीठ की मां लाडलीनंद सरस्वती महाराज, श्रद्धेय बंशीधर (सह-अध्यक्ष, नोएडा इस्कॉन), स्वामी गिरिराज शर्मा (वैदिक उपदेशक), आचार्य हिमांशु तिवारी जी तथा विश्व हिंदू महासंघ दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष मातृशक्ति प्रकोष्ठ से बहन पिंकी सिंह सहित अनेक संत और विद्वान शामिल रहे।

कार्यक्रम के शांतिपूर्ण आयोजन में पुलिस प्रशासन का भी विशेष सहयोग रहा। बिसरख थाना क्षेत्र की सेक्टर-3 चौकी टीम से एसआई मनोज मोटला द्वारा दिए गए सहयोग के लिए आयोजकों ने पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया। सम्मेलन का समापन कार्यक्रम अध्यक्ष एवं भारतीय वायु सेना से सेवानिवृत्त फ्लाइट लेफ्टिनेंट वीरसेन नागर जी के ओजस्वी और प्रेरणादायक संबोधन के साथ हुआ। उन्होंने समस्त संत समाज, वक्ताओं और हिन्दू आयोजन समिति का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए समाज को एकजुट होकर आगे बढ़ने का संदेश दिया।

ये भी पढ़े… बरेली में जमीन पर अवैध बनी मस्जिद पर गरजा योगी का बुलडोजर, छावनी में तब्दील हुआ गांव