Ghaziabad News: मोदीनगर के निवाड़ी रोड स्थित राजाकुंज कॉलोनी में एक रिटायर्ड सैन्यकर्मी के घर से पुलिस ने छापेमारी कर 42 प्रतिबंधित कारतूस बरामद किये हैं। यह कार्रवाई उसकी पत्नी की शिकायत पर हुई। घरेलू विवाद और मारपीट के आरोपी के बीच सामने आए इस मामले ने पुलिस को भी चौंका दिया है। क्योंकि आरोप है कि ये कारतूस सेना में नौकरी के दौरान सैन्यकर्मी ने चोरी कर यहां घर में लाकर छुपाकर रख दिए थे।
नौकरी के दौरान कारतूस चोरी करता था
जानकारी के मुताबिक, आदेश कुमार जाट रेजिमेंट में 1988 में भर्ती हुआ था और 2009 में नौकरी छोड़कर यहां अपनी कविता और बच्चों के पास आ गया था। उसके बाद 2011 से 2015 तक डिफेंस सिक्यूरिटी कोर में तैनात रहा। यहां से नौकरी छोड़ने के बाद वह वापस अपने परिवार के पास वापस आ गया था। यहां पत्नी के साथ विवाद के चलते वो अब काफी समय से मेरठ अपनी बहन के घर में रह रहा है, जबकि उसकी पत्नी कविता और बच्चे मोदीनगर के उसी मकान में रहते हैं। पत्नी कविता का आरोप है कि आदेश ने सेना की नौकरी के दौरान वहां से कारतूस चोरी किए थे और उन्हें घर में छुपा कर रखा हुआ था। कुछ दिन पहले उसे ये कारतूस एक मौजे में लिपटे हुए मिले थे। उसने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस के सामने महिला ने खुद मेज पर कारतूस निकाल कर रख दिए।

Ghaziabad News: शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं
छानबीन के दौरान आदेश के एक बक्से से पुलिस को 7.62 एमएम के 35, 9 एमएम के 5, 12 एमएम के दो कारतूस और 5.56 एमएम का एक खोखा मिले। पुलिस ने सभी कारतूस बरामद कर लिए गए हैं और उनकी जांच की जा रही है। कविता का कहना है कि उसके पति आदेश और और उसके ससुरालीजनों ने उसे लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा था। उल्टा उस पर कमिश्नरेट ऑफिस जाकर उस पर झूठा आरोप लगाते हुए तहरीर दी थी कि मैने उसका लाइसेंसी हथियार रख लिया है। उन्होंने बताया कि दो दिन पहले आदेश के बक्से से ये बुलेट्स मिलने के बाद उन्होंने इनकी जानकारी बरेली जाकर रेजिमेंट के अधिकारियों को दी थी। लेकिन उनकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्हें बोला गया कि लोकल पुलिस को इसकी सूचना दो। जिसके बाद उन्होंने गाजियाबाद पुलिस को इन बुलेट्स की जानकारी दी।
एसीपी भास्कर वर्मा ने बताया कि पत्नी की तहरीर पर आरोपी रिटायर्ड फौजी आदेश के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उसकी तलाश की जा रही है। उसकी गिरफ्तारी के बाद ही साफ हो पाएगा कि ये कारतूस कहां से आये और किस मकसद से घर में रखे गए थे।
Report By: विभु मिश्रा
ये भी पढ़े… साहिबाबाद में 8वीं और 10वीं की चार छात्राएं लापता, अलग-अलग इलाकों से सामने आए मामले, पुलिस अलर्ट







