Greater Noida: ग्रेटर नोएडा के बीटा-2 थाना क्षेत्र के सेक्टर-36 में रविवार को उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब एक रिहायशी मकान में कथित रूप से चल रही प्रार्थना सभा को लेकर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। आरोप है कि यहां लंबे समय से धार्मिक गतिविधियों की आड़ में लोगों को धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित किया जा रहा था।पुलिस मौके पर पहुंची तो मकान के बेसमेंट में बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष एकत्र मिले। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सभा में करीब 60 से 70 लोग मौजूद थे। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि गरीब परिवारों को आर्थिक सहायता और बीमारियों से मुक्ति का आश्वासन देकर लोगों को प्रभावित किया जा रहा था।
Greater Noida: धार्मिक सामग्री बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मौके से ईसाई धर्म से जुड़ी पुस्तकें, क्रॉस के प्रतीक, मोमबत्तियां और अन्य सामग्री जब्त की। इस मामले में सुरेश कुमार और चंद्रकिरण नामक दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपियों ने खुद को हिंदू बताते हुए धर्मांतरण के आरोपों से इनकार किया है।पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने दावा किया कि वे गरीब बच्चों को निशुल्क पढ़ाने और जरूरतमंदों को सहायता देने का काम कर रहे थे। हालांकि, बिना अनुमति धार्मिक सभा आयोजित करने और संदिग्ध गतिविधियों के चलते उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
Greater Noida: मोबाइल से मिले संदिग्ध व्हाट्सएप ग्रुप
जांच के दौरान पुलिस ने एक आरोपी का मोबाइल फोन जब्त किया, जिसमें “फास्टर” नाम से एक व्हाट्सएप ग्रुप मिला है। इस ग्रुप में धार्मिक प्रचार से जुड़ी सामग्री साझा किए जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस अब आरोपियों के बैंक खातों और डिजिटल गतिविधियों की भी जांच कर रही है।
Greater Noida: इलाके में शांति, जांच जारी
घटना के बाद कुछ समय के लिए क्षेत्र में तनाव का माहौल रहा, लेकिन पुलिस की मौजूदगी से स्थिति नियंत्रण में है। मकान को सील कर दिया गया है और मामले की गहन जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़े:रफ्तार का नशा या रुतबे की हनक? अमीर बाप के बेटे की लैम्बोर्गिनी से कानपुर में तीन लोग घायल







