Home » अंतरराष्ट्रीय » कौन हैं ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ का नारा लगाने वाले इटली के नेता जियाकोमो फिलिबेक? मेलोनी के कट्टर विरोधी

कौन हैं ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ का नारा लगाने वाले इटली के नेता जियाकोमो फिलिबेक? मेलोनी के कट्टर विरोधी

Giacomo Filibeck:

Giacomo Filibeck: कांग्रेस की ‘भारत समिट’ में इटली के नेता जियाकोमो फिलिबेक के ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ के नारे लगाने के बाद देश की राजनीति में विवाद खड़ा हो गया है। हैदराबाद में आयोजित इस समिट में फिलिबेक ने केंद्र सरकार पर लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करने का आरोप लगाया। इस कार्यक्रम में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी समेत कई देशों के नेता शामिल हुए थे। जियाकोमो फिलिबेक के बयान और नारेबाजी के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस पर निशाना साधा। भाजपा ने राहुल गांधी पर मोदी सरकार के खिलाफ विदेशी नेताओं का समर्थन जुटाने का आरोप लगाया है। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर जियाकोमो फिलिबेक कौन हैं और उनका इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी से क्या राजनीतिक विरोध है?

Giacomo Filibeck: कौन हैं जियाकोमो फिलिबेक?

जियाकोमो फिलिबेक का जन्म 1978 में इटली में हुआ था। वह एक समाजवादी राजनेता हैं और उन्होंने अपने राजनीतिक करियर का बड़ा हिस्सा युवा संगठनों, राजनीतिक आंदोलनों और अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं के साथ काम करते हुए बिताया है। वर्तमान में वह ‘पार्टी ऑफ यूरोपियन सोशलिस्ट्स’ (PES) के महासचिव हैं। यह यूरोप के प्रमुख राजनीतिक समूहों में से एक है। फिलिबेक साल 2023 से इस संगठन के महासचिव की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। उनकी पार्टी इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी की राजनीतिक विचारधारा और नीतियों का विरोध करती है। मेलोनी दक्षिणपंथी राजनीति से जुड़ी हैं, जबकि फिलिबेक का राजनीतिक झुकाव समाजवादी और सेंटर-लेफ्ट विचारधारा की ओर है।

Giacomo Filibeck: क्या बोले जियाकोमो फिलिबेक?

हैदराबाद में आयोजित कांग्रेस की ‘भारत समिट’ में जियाकोमो फिलिबेक ने भारत में लोकतंत्र की स्थिति को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि इस तरह की अंतरराष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस और समिट महत्वपूर्ण चुनौतियों की ओर दुनिया का ध्यान आकर्षित करने के लिए जरूरी हैं।उन्होंने आगे कहा, ‘भारत में लोकतंत्र पर हमला हो रहा है और हमें इसकी रक्षा करनी चाहिए। इसकी रक्षा करने का सबसे अच्छा तरीका राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी के साथ खड़े होना है।’ फिलिबेक ने कांग्रेस और दुनिया भर के अन्य राजनीतिक साथियों के साथ मिलकर सामाजिक न्याय, मानवाधिकार और लोकतंत्र के मूल्यों की रक्षा करने की बात कही। इसी दौरान उन्होंने ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ का नारा भी लगाया।

स्कूली दिनों से ही राजनीति में सक्रिय

जियाकोमो फिलिबेक की राजनीति में दिलचस्पी स्कूली दिनों से ही शुरू हो गई थी। इस दौरान वह युवाओं से जुड़े गैर-सरकारी संगठनों (NGO) में सक्रिय रहे। आगे चलकर उन्होंने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई अहम जिम्मेदारियां संभालीं। 2002 से 2004 के बीच उन्होंने ‘यूरोपियन यूथ फोरम’ और ‘यूथ कन्वेंशन ऑन द फ्यूचर ऑफ यूरोप’ के अध्यक्ष के रूप में काम किया। इस दौरान वह यूरोपीय संवैधानिक संधि (European Constitutional Treaty) के मसौदे से जुड़ी चर्चाओं में भी शामिल रहे। इसके बाद 2005 से 2009 के बीच उन्होंने ‘यंग यूरोपियन सोशलिस्ट्स’ (YES) के अध्यक्ष के रूप में दो कार्यकाल पूरे किए। यह संगठन यूरोपीय समाजवादी राजनीतिक विचारधारा से जुड़ा युवा संगठन है।

इटली की मुख्य राजनीति में कैसे हुई एंट्री?

युवा संगठनों में काम करने के बाद फिलिबेक ने इटली की मुख्यधारा की राजनीति में कदम रखा। वह इटली की सेंटर-लेफ्ट पार्टी ‘पार्टिटो डेमोक्रेटिको’ (PD) से जुड़े। साल 2010 में वह पार्टी के अंतरराष्ट्रीय विभाग में शामिल हुए। यहां उन्हें मध्य पूर्व, भूमध्यसागरीय क्षेत्र और अफ्रीका से जुड़े मामलों की जिम्मेदारी दी गई। 2013 में उन्हें पार्टी के विदेश नीति फोरम का अध्यक्ष बनाया गया। उन्होंने इस पद पर साल के अंत तक काम किया। इसके बाद 2014 में फिलिबेक इटली के कृषि मंत्रालय से जुड़े, जहां उन्हें अंतरराष्ट्रीय संबंधों का प्रमुख बनाया गया। 2014 से 2015 के बीच उन्होंने मंत्रालय के अंतरराष्ट्रीय संबंध कार्यालय के निदेशक के रूप में भी काम किया।

पढ़ाई और पत्रकारिता से भी रहा है नाता

राजनीति के अलावा जियाकोमो फिलिबेक का पत्रकारिता से भी जुड़ाव रहा है। वह 2009 से इटली के नेशनल प्रोफेशनल जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन के सदस्य हैं। शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो उनके पास राजनीतिक विज्ञान (Political Science) में स्नातक की डिग्री है। इसके अलावा उन्होंने INSEAD से मास्टर डिग्री भी हासिल की है। इस तरह फिलिबेक का राजनीतिक सफर युवा संगठनों से शुरू होकर इटली की मुख्यधारा की राजनीति और यूरोपीय स्तर के समाजवादी नेतृत्व तक पहुंचा है।

यह भी पढ़े- क्यों टला कांग्रेस का ‘चलो दिल्ली’ कार्यक्रम, अब 26 नवंबर को क्या करेगी पार्टी?