India Cricket Hosting: भारतीय क्रिकेट फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी है। आने वाले सालों में भारत दो बड़े ICC टूर्नामेंट की मेजबानी करेगा। इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने भारत को 2031 वनडे वर्ल्ड कप की सह-मेजबानी सौंपी है। इसके अलावा 2029 चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन भी भारत में होगा। खास बात यह है कि चैंपियंस ट्रॉफी में भारतीय टीम मौजूदा चैंपियन के तौर पर उतरेगी और उसे घरेलू मैदान पर खिताब बचाने का मौका मिलेगा।
India Cricket Hosting: भारत में पांचवीं बार होगा वनडे वर्ल्ड कप
भारत को पांचवीं बार वनडे वर्ल्ड कप की मेजबानी मिली है। इससे पहले 1987, 1996, 2011 और 2023 में इस टूर्नामेंट का आयोजन देश में हो चुका है। 1987 में भारत ने पहली बार वर्ल्ड कप की मेजबानी की थी। इसके बाद 1996 में भारत, पाकिस्तान और श्रीलंका ने मिलकर टूर्नामेंट आयोजित किया था। 2011 में भारत ने बांग्लादेश और श्रीलंका के साथ सह-मेजबानी की थी। वहीं, 2023 का पूरा टूर्नामेंट भारत में खेला गया था। उस वर्ल्ड कप में भारतीय टीम फाइनल तक पहुंची, लेकिन अहमदाबाद में ऑस्ट्रेलिया के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। अब 2031 में एक बार फिर वनडे क्रिकेट के सबसे बड़े टूर्नामेंट का आयोजन भारतीय मैदानों पर होगा। इस बार भारत के साथ बांग्लादेश भी इसकी मेजबानी करेगा। टूर्नामेंट 9 अक्टूबर से 23 नवंबर तक खेला जाएगा।
India Cricket Hosting: 23 साल बाद भारत में होगी चैंपियंस ट्रॉफी
भारत को चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी भी मिली है। देश में आखिरी बार इस टूर्नामेंट का आयोजन 2006 में हुआ था। अब 2029 में करीब 23 साल बाद चैंपियंस ट्रॉफी एक बार फिर भारतीय मैदानों पर खेली जाएगी। यह टूर्नामेंट 9 से 28 अक्टूबर तक आयोजित होगा। भारतीय टीम के लिए यह टूर्नामेंट खास रहने वाला है। टीम मौजूदा चैंपियन है और घरेलू दर्शकों के सामने खिताब बचाने उतरेगी। अपने मैदान और फैंस के समर्थन के बीच भारत के पास एक बार फिर चैंपियंस ट्रॉफी जीतकर इतिहास रचने का मौका होगा।
2035 तक का ICC कैलेंडर जारी
ICC ने 2035 तक होने वाले पुरुषों के बड़े टूर्नामेंट का कार्यक्रम भी जारी किया है। इसके मुताबिक, 2028 में टी20 वर्ल्ड कप ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में खेला जाएगा। इसके बाद 2029 में इंग्लैंड में वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल होगा। इसी साल भारत चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी करेगा। वहीं, 2030 का टी20 वर्ल्ड कप इंग्लैंड, आयरलैंड और स्कॉटलैंड में आयोजित होगा। 2031 में इंग्लैंड एक बार फिर वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल की मेजबानी करेगा, जबकि वनडे वर्ल्ड कप भारत और बांग्लादेश में खेला जाएगा।
हर दो साल में होगा WTC फाइनल
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल भी ICC के कैलेंडर का अहम हिस्सा बना रहेगा। 2029, 2031, 2033 और 2035 में इसके फाइनल खेले जाएंगे। 2029 और 2031 के फाइनल की मेजबानी इंग्लैंड को मिली है। वहीं, 2033 और 2035 के फाइनल कहां आयोजित होंगे, इसका फैसला अभी नहीं हुआ है।
यह भी पढ़े- BJP ने 209 उम्मीदवारों की लिस्ट को बताया फर्जी, योगी-पंकज चौधरी ने किया बड़ा खुलासा








