UP News: उत्तर प्रदेश के औरैया जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवती की रहस्यमय गुमशुदगी ने पूरे गांव में सनसनी फैला दी। युवती के कमरे में बिस्तर पर सांप की केंचुली मिलने के बाद यह अफवाह फैल गई कि वह किसी रहस्यमयी घटना का शिकार हो गई है, यहां तक कि कुछ ग्रामीणों ने उसके नागिन बनने तक की बातें करना शुरू कर दिया। हालांकि पुलिस जांच में इस पूरे मामले की सच्चाई सामने आ गई है।
अब जानें पूरा मामला…
यह मामला फफूंद थाना क्षेत्र के एक गांव का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, गांव की रहने वाली युवती अचानक घर से लापता हो गई। सुबह जब परिजन उसके कमरे में पहुंचे तो बिस्तर पर कपड़ों में लिपटी सांप की केंचुली देख वे दंग रह गए। देखते ही देखते यह खबर गांव में फैल गई और तरह-तरह की चर्चाओं का दौर शुरू हो गया, जिससे गांव का माहौल तनावपूर्ण हो गया। सूचना मिलते ही फफूंद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान धीरे-धीरे स्पष्ट हुआ कि यह कोई अलौकिक घटना नहीं, बल्कि एक सोचा-समझा फिल्मी ड्रामा था। पुलिस जांच में सामने आया कि युवती का गांव के ही एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसी कारण युवती ने जानबूझकर अपने बिस्तर पर कपड़ों में सांप की केंचुली लपेटकर रख दी, ताकि उसका घर से गायब होना रहस्यमय लगे और उस पर किसी को शक न हो। इसके बाद वह चुपचाप घर से चली गई।

UP News: पुलिस मामले में क्या कहती है?
पुलिस के अनुसार, शुरुआती पूछताछ में परिजनों ने कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी और न ही युवती की गुमशुदगी को लेकर कोई लिखित तहरीर दी गई। फिलहाल पुलिस ने युवती के मोबाइल फोन को सर्विलांस पर लगा दिया है और उसकी तलाश जारी है।
वहीं इस मामले में थाना प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला किसी आपराधिक घटना का नहीं, बल्कि एक सुनियोजित नाटकीय प्रयास का प्रतीत होता है। उन्होंने कहा कि युवती का मोबाइल सर्विलांस पर है और जल्द ही उसे बरामद कर लिया जाएगा। गांव में फैली नागिन बनने की अफवाह अब पूरी तरह शांत हो चुकी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे मामले का विधिवत खुलासा कर दिया जाएगा।
रिपोर्ट – राम कुमार राठौर
ये भी पढ़े… बजट सत्र में योगी सरकार का आर्थिक सर्वेक्षण पेश, विकास के आंकड़ों से भरा दस्तावेज़







