Home » स्पोर्ट्स » T20 World Cup 2026: न्यूज़ीलैंड को लगा तगड़ा झटका, स्टार ऑलराउंडर टूर्नामेंट से बाहर, इस खिलाड़ी की हुई एंट्री

T20 World Cup 2026: न्यूज़ीलैंड को लगा तगड़ा झटका, स्टार ऑलराउंडर टूर्नामेंट से बाहर, इस खिलाड़ी की हुई एंट्री

कीवी टीम को बड़ा झटका

T20 World Cup 2026: टी20 विश्व कप 2026 के बीच न्यूज़ीलैंड की टीम के लिए एक बुरी खबर सामने आई है। टीम के भरोसेमंद ऑलराउंडर माइकल ब्रेसवेल पैर की चोट के कारण टूर्नामेंट से पूरी तरह बाहर हो गए हैं। न्यूज़ीलैंड क्रिकेट बोर्ड ने उनकी जगह कोल मैककॉनची को टीम में शामिल करने का फैसला किया है।

T20 World Cup 2026: कीवी टीम को बड़ा झटका
कीवी टीम को बड़ा झटका

ब्रेसवेल की पुरानी चोट फिर बनी मुसीबत

माइकल ब्रेसवेल को वार्म-अप सेशन के दौरान बाएं पैर की पिंडली (काफ) में दर्द महसूस हुआ था। मेडिकल रिपोर्ट्स में यह साफ हो गया है कि उनकी चोट गंभीर है और उन्हें रिकवर होने में कम से कम तीन हफ्तों का समय लगेगा।

हैरानी की बात यह है कि ब्रेसवेल को पिछले महीने भारत के खिलाफ वनडे सीरीज़ के दौरान भी इसी तरह की चोट लगी थी। लंबे रिहैब के बाद उन्होंने वापसी तो की, लेकिन वर्ल्ड कप के बड़े मंच पर उनकी किस्मत ने साथ नहीं दिया।

T20 World Cup 2026: कोल मैककॉनची पर न्यूज़ीलैंड ने जताया भरोसा

ब्रेसवेल की जगह टीम में शामिल किए गए कोल मैककॉनची एक अनुभवी ऑफ-स्पिन ऑलराउंडर हैं। वह 13 फरवरी को कीवी कैंप से जुड़ेंगे। मैककॉनची का हालिया घरेलू प्रदर्शन काफी शानदार रहा है।

उन्होंने अपनी कप्तानी में कैंटरबरी किंग्स को मजबूती दी और टी20 सर्किट में 7.71 की इकॉनमी से 14 विकेट भी हासिल किए। उनकी गेंदबाजी काफी किफायती रही है।

कीवी टीम को बड़ा झटका
कीवी टीम को बड़ा झटका

कोच रॉब वॉल्टर ने जताया दुख

टीम के मुख्य कोच रॉब वॉल्टर ने ब्रेसवेल के बाहर होने पर निराशा व्यक्त की। उन्होंने कहा,“माइकल के लिए यह पल वाकई दुखद है। उन्होंने इस विश्व कप के लिए बहुत पसीना बहाया था। हम उनकी कमी को महसूस करेंगे और उम्मीद करते हैं कि वह जल्द मैदान पर वापसी करेंगे।”

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ बड़ी चुनौती

न्यूज़ीलैंड की टीम फिलहाल बेहतरीन फॉर्म में है। उसने अपने शुरुआती मैचों में अफगानिस्तान को 5 विकेट से और यूएई को 10 विकेट से मात दी है। अब 14 फरवरी को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होने वाले बड़े मुकाबले में यह देखना दिलचस्प होगा कि कोल मैककॉनची टीम के संतुलन को कैसे बनाए रखते हैं।