Rohit Sharma: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने साफ कर दिया है कि उनका लक्ष्य केवल वनडे विश्व कप 2027 में खेलना नहीं, बल्कि भारत के लिए खिताब जीतना है। टी20 विश्व कप 2024 और चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में टीम को जीत दिलाने के बावजूद 2023 वनडे विश्व कप फाइनल में मिली हार की टीस अभी भी उनके दिल में बाकी है।
“उस ट्रॉफी का बोझ आज भी महसूस होता है”
आईसीसी के एक कार्यक्रम में रोहित ने कहा कि 2023 में अहमदाबाद में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ फाइनल हारना उनके लिए बेहद दर्दनाक था। उन्होंने कहा, “मैं 50 ओवर का विश्व कप देखते हुए बड़ा हुआ हूं। उस समय न टी20 विश्व कप था, न आईपीएल। वही क्रिकेट का सबसे बड़ा मंच था, जो हर चार साल में आता था। उस एक ट्रॉफी का बहुत बड़ा महत्व है। मैं सच में उसे जीतना चाहता हूं और इसके लिए अपनी पूरी ताकत लगा दूंगा।”
Rohit Sharma: फिटनेस और फॉर्म पर खास ध्यान
टी20 और टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद रोहित के 2027 विश्व कप में खेलने को लेकर उनकी उम्र और फिटनेस पर सवाल उठे थे। लेकिन पिछले छह महीनों में उन्होंने अपनी फिटनेस पर खास काम किया है और वजन भी कम किया है। हालांकि न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज में उनका प्रदर्शन साधारण रहा, लेकिन ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ उन्होंने शानदार बल्लेबाजी कर अपने इरादे साफ कर दिए। उनकी फिटनेस और समर्पण से साफ है कि वह 2027 विश्व कप को लेकर गंभीर हैं।
वनडे में शानदार रिकॉर्ड
रोहित शर्मा मौजूदा दौर के बेहतरीन वनडे सलामी बल्लेबाजों में गिने जाते हैं। उन्होंने 282 वनडे मैचों की 274 पारियों में 33 शतक और 61 अर्धशतक की बदौलत 11,577 रन बनाए हैं। अब उनका लक्ष्य स्पष्ट है 2023 की अधूरी कहानी को 2027 में जीत के साथ पूरा करना।
ये भी पढ़े… पुणे में बंगाल प्रवासी मजदूर की हत्या: ममता बनर्जी बोलीं, “दोषियों को तुरंत सजा मिले”






