Up news: उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में सरकारी स्कूल के मिड डे मील को लेकर बड़ा मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में बच्चों को दिए जाने वाले दूध में पानी मिलाते हुए दिखाया गया है। वहीं एक अन्य वीडियो में स्कूल की प्रधानाध्यापिका सोती हुई नजर आ रही हैं। वीडियो सामने आने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया और प्राथमिक विद्यालय की प्रिंसिपल मोनिका सोनी को प्रथम दृष्टया दोषी मानते हुए सस्पेंड कर दिया गया। निलंबन अवधि के दौरान उन्हें प्राथमिक विद्यालय सिजेहरी से अटैच किया गया है।
बाल्टी में पानी भरकर मिलाया गया दूध
वायरल वीडियो में साफ दिखाई देता है कि रसोइया, प्रधानाध्यापिका की मौजूदगी में बाल्टी में भरे पानी में पैकेट का दूध मिला रही है। यह वीडियो महोबा में चर्चा का विषय बना हुआ है। दूसरे वीडियो में प्रधानाध्यापिका स्कूल में बच्चों को पढ़ाने के बजाय आराम करती नजर आ रही हैं, जिससे अभिभावकों में नाराजगी बढ़ गई है।
Up news: शिक्षा अधिकारी ने मांगा स्पष्टीकरण
यह मामला कबरई ब्लॉक के ढिकवाहा गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय का बताया जा रहा है। बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल मिश्रा ने मामले का संज्ञान लेते हुए प्रधानाध्यापिका को नोटिस जारी किया था और दो दिन के भीतर स्पष्टीकरण मांगा था। उन्होंने साफ कहा था कि संतोषजनक जवाब न मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
सप्ताह में 200 ML दूध देने का नियम
Up news: मिड डे मील योजना के तहत बच्चों को सप्ताह में 200 एमएल दूध देने का प्रावधान है, ताकि उन्हें पर्याप्त पोषण मिल सके। लेकिन वायरल वीडियो ने इस व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बेसिक शिक्षा अधिकारी ने कहा है कि शिक्षा के काम में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
ये भी पढ़े: ‘विकास भी, सुरक्षा भी…’ यूपी विधानसभा में योगी आदित्यनाथ का बड़ा संदेश






