UP News: मुरादाबाद जनपद के भोजपुर क्षेत्र में प्रशासन ने निर्माणाधीन मुरादाबाद–टिहरी राष्ट्रीय राजमार्ग 734 के कार्य को आगे बढ़ाने के लिए गांव सिरसवां दोराहा स्थित हजरत रहीम चिश्ती दरगाह की दो मिनारों को जेसीबी मशीन से हटवा दिया। प्रशासन के अनुसार, यह हिस्सा राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्धारित दायरे में आ रहा था, जिससे निर्माण कार्य प्रभावित हो रहा था।
कुछ संगठनों ने किया था धरना-प्रदर्शन
अधिकारियों का कहना है कि संबंधित भूमि को राष्ट्रीय राजमार्ग विकास प्राधिकरण द्वारा पूर्व में अधिग्रहित किया जा चुका है। दरगाह व मस्जिद प्रबंधन समिति को नियमानुसार मुआवजा भी प्रदान किया गया था। मस्जिद का एक हिस्सा पहले ही हटाया जा चुका था, जबकि शेष बरामदा हटाने के लिए समिति से कई बार अनुरोध किया गया था।
बताया गया कि मिनार और बरामदे को न हटाने को लेकर कुछ संगठनों ने धरना-प्रदर्शन किया था। धार्मिक आस्था का हवाला देते हुए प्रशासन से पुनर्विचार की मांग भी की गई। शहर के कुछ उलेमा ने अधिकारियों से मुलाकात कर अपना पक्ष रखा, लेकिन वैकल्पिक समाधान न निकलने पर प्रशासन ने नियमानुसार कार्रवाई का निर्णय लिया।
UP News: सुरक्षा के कड़े इंतजाम
बीते दिन बुधवार को हुई इस कार्रवाई के दौरान किसी प्रकार का विरोध नहीं हुआ। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए भोजपुर, भगतपुर, कुंदरकी और डिलारी थानों की पुलिस के साथ पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा। खुफिया एजेंसियों ने भी पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए रखी। वहीं इस कार्रवाई को लेकर प्रशासन का कहना है कि राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा करना प्राथमिकता है। विकास कार्यों में बाधा बनने वाले अवरोधों को नियमानुसार हटाया जाएगा, ताकि परियोजना में देरी न हो।
Report By: BP Upadhyay
ये भी पढ़े… ललितपुर में लापता युवती ने रचाई शादी, बोली- ‘हमें परेशान किया तो उठा लूंगी खौफनाक कदम’






