Defamation Case: कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शुक्रवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से जुड़ी टिप्पणी के मामले में मानहानि केस की सुनवाई के लिए सुल्तानपुर जिला न्यायालय में पेश हुए। उनकी पेशी को देखते हुए कोर्ट परिसर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।
कड़ी सुरक्षा के बीच लखनऊ पहुंचे राहुल
राहुल गांधी सुबह कड़ी सुरक्षा के बीच लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचे, जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद वे सीधे सुल्तानपुर जिला न्यायालय के लिए रवाना हुए। पार्टी नेताओं के मुताबिक, उनकी पेशी सिविल कोर्ट में सुबह करीब 10:50 बजे निर्धारित थी।
Defamation Case: कांग्रेस नेताओं की मौजूदगी
यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने बताया कि राहुल गांधी आज खुद अदालत में पेश होकर बयान दर्ज कराएंगे। वहीं कांग्रेस नेता अखिलेश प्रताप सिंह ने कहा कि न्यायिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद राहुल गांधी लखनऊ लौटेंगे और फिर दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
पिछली सुनवाई में गैरहाजिरी के बाद आज पेशी
गौरतलब है कि 19 जनवरी को पिछली सुनवाई में राहुल गांधी के उपस्थित न होने पर अदालत ने अगली तारीख 20 फरवरी तय की थी। इसी क्रम में आज उनकी पेशी हुई।
Defamation Case: 2018 के बयान से जुड़ा है मामला
यह मानहानि मामला अक्टूबर 2018 में सुल्तानपुर के हनुमानगंज क्षेत्र निवासी भाजपा कार्यकर्ता विजय मिश्रा ने दर्ज कराया था। आरोप है कि अगस्त 2018 में कर्नाटक चुनाव प्रचार के दौरान राहुल गांधी ने तत्कालीन भाजपा अध्यक्ष अमित शाह को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी।
पहले मिल चुकी है जमानत
सुल्तानपुर की एमएलए-एमपी कोर्ट ने फरवरी 2024 में राहुल गांधी को इस मामले में जमानत दी थी। अब अदालत में आगे की कार्यवाही जारी है।
Defamation Case: सुरक्षा के कड़े इंतजाम
राहुल गांधी के समर्थन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुल्तानपुर कोर्ट परिसर और आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
ये भी पढ़े… मां नर्मदा की नर्मदा परिक्रमा पथ पर उठाया सवाल, पूर्व CM ने बजट में अनदेखी पर जताई नाराजगी






