Nepal bus accident: नेपाल के धादिंग जिले में सोमवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पश्चिमी पोखरा से काठमांडू जा रही यात्रियों से भरी बस अनियंत्रित होकर त्रिशूली नदी में जा गिरी। नेपाली मीडिया और प्रशासन के अनुसार, इस हादसे में अब तक 18 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 25 से अधिक यात्री घायल बताए जा रहे हैं।
300 मीटर नीचे नदी किनारे गिरी बस
जिला प्रशासन के मुताबिक, बस सोमवार सुबह करीब 1:30 बजे बेनीघाट रोरंग ग्रामीण नगरपालिका के भैसीगौड़ा इलाके में सड़क से फिसलकर करीब 300 मीटर नीचे नदी के किनारे जा गिरी। हादसे के समय बस में 44 यात्री सवार थे। शुरुआती जांच में बस अपनी लेन में ही चल रही थी, ऐसे में दुर्घटना के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है।
Nepal bus accident: रेस्क्यू ऑपरेशन में आईं मुश्किलें
नेपाल आर्मी, सशस्त्र पुलिस बल, नेपाल पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। हालांकि, रात का अंधेरा, दुर्गम इलाका और सीमित संसाधनों के कारण राहत कार्य में काफी दिक्कतें आईं। जिला प्रशासन ने बताया कि रेस्क्यू का पहला चरण सुबह करीब 6:30 बजे पूरा किया गया।
घायलों का इलाज जारी
धादिंग के मुख्य जिला अधिकारी बिजय राज सुबेदी के अनुसार, गंभीर रूप से घायलों को स्थानीय अस्पतालों के साथ-साथ काठमांडू रेफर किया गया है। प्रशासन का कहना है कि मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
Nepal bus accident: नेपाल में बढ़ते सड़क हादसे चिंता का विषय
नेपाल में हाल के वर्षों में सड़क दुर्घटनाओं की संख्या तेजी से बढ़ी है। ट्रैफिक पुलिस के आंकड़ों के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2024-25 में देश में 7,669 सड़क हादसे दर्ज किए गए, जिनमें 190 लोगों की मौत हुई। वर्ल्ड बैंक की एक रिपोर्ट के मुताबिक, सड़क हादसों से होने वाला आर्थिक नुकसान नेपाल के सकल राष्ट्रीय उत्पाद का करीब 1.5 प्रतिशत है। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है, वहीं प्रशासन ने दुर्घटना के कारणों की गहन जांच के आदेश दे दिए हैं।
ये भी पढ़े… केंद्र सरकार को कबाड़ निपटान से 4,405 करोड़ से अधिक की आय






