Meerut fire incident: शहर के लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र में सोमवार देर शाम दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। किदवई नगर की संकरी गली में स्थित दो मंजिला मकान में भीषण आग लगने से कपड़ा कारोबारी के परिवार के छह लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। मृतकों में जुड़वां बेटियों समेत पांच बच्चे शामिल हैं। हादसे के वक्त घर में दो महिलाएं और पांच बच्चे मौजूद थे।
नमाज पढ़ने गए थे कारोबारी
जानकारी के अनुसार कपड़ा कारोबारी इकबाल उर्फ आसिम सोमवार शाम अपने भाई के साथ नमाज पढ़ने मस्जिद गए थे। उसी दौरान घर में अचानक आग लग गई। घर के अंदर उनकी पत्नी, मां और बच्चे मौजूद थे, जो कुछ ही पलों में आग की लपटों में घिर गए।
Meerut fire incident: 30 मिनट तक आग में फंसा रहा परिवार
पड़ोसियों ने धुआं उठता देखा तो शोर मचाया और पुलिस व फायर ब्रिगेड को सूचना दी। क्षेत्र की गलियां संकरी होने के कारण दमकल की गाड़ियों को मौके तक पहुंचने में काफी दिक्कत हुई। फायर ब्रिगेड की टीम पड़ोसी मकानों की छतों के रास्ते सीढ़ी लगाकर घर तक पहुंची। करीब 30 मिनट तक पूरा परिवार आग में फंसा रहा।
रेस्क्यू के बाद अस्पताल में मौत
कड़ी मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां कारोबारी की पत्नी और पांच बच्चों को मृत घोषित कर दिया गया। मृत बच्चों में 12 साल की बच्ची, 4 और 3 साल के दो मासूम बेटे और 6-6 माह की जुड़वां बेटियां शामिल हैं। कारोबारी की मां और एक पड़ोसी गंभीर रूप से झुलस गए हैं, जिनका इलाज चल रहा है।
Meerut fire incident: शॉर्ट सर्किट या गैस लीकेज की आशंका
पुलिस की शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, जबकि स्थानीय लोगों का कहना है कि गैस लीकेज से आग लगी। राहत की बात यह रही कि घर में रखा सिलेंडर नहीं फटा, वरना हादसा और भी बड़ा हो सकता था।
इलाके में मातम, अस्पताल में भीड़
घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। अस्पताल में मृतकों के परिजन और मोहल्ले के लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।






