Violence in Mexico: मेक्सिको में ड्रग माफिया और मोस्ट वांटेड कार्टेल नेता नेमेसियो एल मेंचो ओसेगुएरा सर्वेंटेस की हत्या के बाद पूरे देश में हिंसा भड़क उठी है। एल मेंचो के मारे जाने के विरोध में कार्टेल समर्थकों ने कई राज्यों में हाईवे जाम कर दिए, वाहनों को आग के हवाले कर दिया और सुरक्षा बलों पर हमले किए। हालात इतने बिगड़ गए कि प्यूर्टो वालार्टा जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों पर अमेरिकी पर्यटक फंस गए।
सैन्य ऑपरेशन में मारा गया कार्टेल चीफ
मेक्सिको के रक्षा मंत्रालय के अनुसार, जलिस्को न्यू जेनरेशन कार्टेल का सरगना एल मेंचो रविवार को एक बड़े सैन्य ऑपरेशन में मारा गया। रक्षा सचिव रिकार्डो ट्रेविला ट्रेजो ने बताया कि इस कार्रवाई में कार्टेल के आठ सदस्य ढेर हुए।अमेरिकी अधिकारियों ने दावा किया कि इस ऑपरेशन में CIA की खुफिया मदद भी शामिल थी।
Violence in Mexico: हिंसा, आगजनी और रोडब्लॉक
द वॉल स्ट्रीट जर्नल के मुताबिक, कार्टेल ने बदले की कार्रवाई में 85 से ज्यादा रोडब्लॉक लगाए और दर्जनों जगहों पर वाहनों को आग लगा दी। जलिस्को और आसपास के इलाकों में काले धुएं के गुबार छा गए। एक अमेरिकी पर्यटक यूजीन मार्चेंको ने बताया कि उनकी आंखों के सामने छह कारें और एक फ्यूल टैंकर जला दिए गए।
अमेरिकी नागरिकों के लिए अलर्ट
हिंसा के बीच अमेरिकी विदेश विभाग ने सिक्योरिटी अलर्ट जारी करते हुए बताया कि मेक्सिको में फंसे सैकड़ों अमेरिकियों के फोन आ रहे हैं। प्यूर्टो वालार्टा और ग्वाडलहारा के लिए कई उड़ानें रद्द कर दी गईं, जिसके बाद 24/7 क्राइसिस हॉटलाइन शुरू की गई।
Violence in Mexico: मौत और गिरफ्तारी का आंकड़ा
मैक्सिकन अधिकारियों के अनुसार, हिंसा में 25 से अधिक सुरक्षा कर्मी और एक नागरिक की मौत हुई है। वहीं 30 से ज्यादा कार्टेल सदस्य मारे गए और करीब 70 को हिरासत में लिया गया है।
उत्तराधिकार की जंग का खतरा
राष्ट्रपति क्लाउडिया शीनबाम ने कहा कि हालात धीरे-धीरे सामान्य हो रहे हैं, लेकिन विश्लेषकों का मानना है कि एल मेंचो की मौत के बाद कार्टेल के भीतर सत्ता संघर्ष और हिंसा और बढ़ सकती है। खासकर जलिस्को में तनाव गहराने की आशंका है, जहां 2026 फीफा वर्ल्ड कप के कुछ मुकाबले प्रस्तावित हैं।
ये भी पढ़े… Uttar Pradesh: लखनऊ विश्वविद्यालय में हनुमान चालीसा पढ़ने पर हिंदू छात्र गिरफ़्तार






