UP News: मेरठ के लोहियानगर थाना क्षेत्र में हापुड़ रोड स्थित एक मस्जिद में तरावीह की नमाज के बाद मामूली कहासुनी ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। बताया जा रहा है कि यह विवाद कुरान शरीफ मुकम्मल होने की खुशी में लड्डू बांटने को लेकर शुरू हुआ, जो देखते ही देखते दो पक्षों के बीच मारपीट में बदल गया। घटना से मस्जिद परिसर में अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए नमाजियों में दहशत का माहौल बन गया।
कैसे शुरू हुआ विवाद?
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तरावीह की नमाज के बाद जब कुरान शरीफ मुकम्मल होने पर मिठाई बांटी जा रही थी, उसी दौरान किसी बात को लेकर दो युवकों के बीच कहासुनी हो गई। पहले यह विवाद बहस तक सीमित था, लेकिन कुछ ही मिनटों में मामला इतना बढ़ गया कि हाथापाई शुरू हो गई। आरोप है कि एक नमाजी को पकड़कर जमीन पर गिराया गया और उसके साथ मारपीट की गई। इस दौरान बेल्ट से भी पिटाई किए जाने की बात सामने आई है।
UP News: मस्जिद परिसर में मची अफरा-तफरी
मारपीट की घटना के बाद दोनों पक्षों के समर्थक आमने-सामने आ गए। मस्जिद परिसर में मौजूद लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन कुछ समय तक स्थिति तनावपूर्ण बनी रही। झड़प के दौरान एक छोटा बच्चा भी भीड़ में फंस गया, जो डर के कारण रोता और चीखता रहा। बाद में कुछ लोगों ने उसे सुरक्षित बाहर निकाला।
घटना के दौरान मौजूद एक नमाजी ने पूरी घटना को अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ लोग एक व्यक्ति के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, वीडियो की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं की गई है।
पुलिस क्या कह रही?
वहीं इस मामले में थाना प्रभारी नेत्रपाल सिंह ने बताया कि प्रारंभिक रूप से यह मामला उनके संज्ञान में नहीं था, लेकिन सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने संज्ञान लिया है। उन्होंने कहा कि मस्जिद परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी पुलिस को मिली है और उसकी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर दोषियों की पहचान की जाएगी। यदि घटना की पुष्टि होती है, तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल किसी पक्ष की ओर से औपचारिक तहरीर दिए जाने की जानकारी नहीं है। फिलहाल, घटना के बाद इलाके में एहतियातन पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है ताकि किसी भी तरह की अफवाह या तनाव को रोका जा सके।
ये भी पढ़े… चौकीदारी कर रही 50 वर्षीय महिला की गोली मारकर हत्या, मुरादाबाद में फैली सनसनी!






