Breaking News
Home » उत्तर प्रदेश » गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंजा ग्रेटर नोएडा! पुरानी रंजिश के चलते दिनदहाड़े युवक की हत्या, CCTV में घटना कैद

गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंजा ग्रेटर नोएडा! पुरानी रंजिश के चलते दिनदहाड़े युवक की हत्या, CCTV में घटना कैद

Greater Noida News

Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा में आज मंगलवार को दिनदहाड़े एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। शुरुआती जांच में मामला पुरानी रंजिश का बताया जा रहा है। वारदात को तीन हमलावरों ने अंजाम दिया। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। मृतक की पहचान थाना ईकोटेक प्रथम क्षेत्र के ग्राम लुक्सर निवासी नितिन (पुत्र फिरे) के रूप में हुई है।

CCTV में दिखा खौफनाक मंजर

मिली जानकारी के अनुसार, गांव के ही सचिन, जीते और एक अन्य युवक ने नितिन पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। गंभीर रूप से घायल नितिन को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सीसीटीवी फुटेज में नितिन हल्के हरे रंग की टी-शर्ट पहने हुए दिखाई देता है। कुछ देर बाद तीन युवक एक दुकान से बाहर निकलते हैं। इनमें से एक आरोपी नितिन के पीछे बंदूक तान देता है। खतरा भांपते ही नितिन भागने की कोशिश करता है, लेकिन भागते समय एक बच्चे से टकराकर लड़खड़ा जाता है और अपने घर के सामने गिर पड़ता है।

नितिन को गोली मारने के बाद हमलावर भाग गए।

इसके बाद तीनों हमलावर उसे पकड़ लेते हैं और फायरिंग कर देते हैं। गोली चलने की आवाज सुनकर घर से एक महिला बाहर निकलती है और नितिन को बचाने की कोशिश करती है, लेकिन हमलावर उसे भी बंदूक दिखाकर धमकाते हैं। इसके बाद वे दोबारा फायरिंग कर मौके से फरार हो जाते हैं।

Greater Noida News: मृतक पर भी था हत्या का आरोप

बताया जा रहा है कि नितिन पर गांव के ही विनय ठेकेदार की हत्या का आरोप था। हमलावर सचिन को विनय का छोटा भाई बताया जा रहा है। वर्ष 2024 में विनय की हत्या के बाद नितिन फरार हो गया था और बाद में दिल्ली की एक अदालत में सरेंडर किया था। इसके बाद उसे जेल भेज दिया गया था। हाल ही में वह जमानत पर बाहर आया था। वहीं घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। जहां पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल,पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई करने में जुटी है।

ये भी पढ़े… खुले नाले ने ली एक और जान नोएडा हादसे के बाद भी नहीं चेता सिस्टम, गाजियाबाद में दुकानदार की दर्दनाक मौत