Barabanki News: बाराबंकी में टेस्ट ड्राइव के बहाने कार लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। चार युवक सेकेंड हैंड कार शोरूम से महिंद्रा की XUV कार लेकर फरार हो गए। इस दौरान आरोपियों ने शोरूम कर्मचारी को चलती गाड़ी से नीचे फेंक दिया। घायल कर्मचारी ने किसी तरह पुलिस को सूचना दी।
ग्राहक बनकर पहुंचे, XUV पसंद की
मंगलवार शाम चार युवक ग्राहक बनकर न्यू बाराबंकी कार बाजार स्थित सेकेंड हैंड कार शोरूम पहुंचे। चारों पैदल आए थे और काफी देर तक गाड़ियां देखने के बाद उन्होंने महिंद्रा XUV-300 को पसंद किया। इसके बाद गाड़ी की कंडीशन जांचने के लिए टेस्ट ड्राइव की मांग की।
Barabanki News: हाईवे पर कर्मचारी से की मारपीट
शोरूम का एक कर्मचारी चारों युवकों के साथ गाड़ी में बैठकर हाईवे की ओर निकला। करीब एक किलोमीटर आगे बढ़ते ही आरोपियों ने कर्मचारी के साथ हाथापाई शुरू कर दी और उसे चलती गाड़ी से सड़क पर धकेल दिया। इसके बाद चारों युवक कार लेकर फरार हो गए।
CCTV में कैद हुई पूरी वारदात
यह पूरी घटना कार बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में चारों युवक शोरूम पर पहुंचते और कार लेकर निकलते हुए साफ दिखाई दे रहे हैं। आरोपी पैंट-शर्ट पहने हुए थे, जिनमें से दो ने जैकेट पहन रखी थी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी है।
Barabanki News: पुलिस टीम गठित, तलाश जारी
घायल कर्मचारी ने तुरंत शोरूम संचालक को सूचना दी, जिसके बाद नगर कोतवाली में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश के लिए टीमों का गठन किया गया है।
ये भी पढ़े… Meerut : इफ्तार में जमकर हुई मारपीट मिठाई बनी विवाद की वजह






