Home » उत्तर प्रदेश » मेरठ में पत्नी के बॉयफ्रेंड की दिनदहाड़े हत्या करने वाला कातिल बोला- ‘जो भी महिला घर से भागे, मुझे बुलाओ, मैं उसे मार डालूंगा…’

मेरठ में पत्नी के बॉयफ्रेंड की दिनदहाड़े हत्या करने वाला कातिल बोला- ‘जो भी महिला घर से भागे, मुझे बुलाओ, मैं उसे मार डालूंगा…’

मेरठ जिले के हस्तिनापुर

UP News: मेरठ जिले के हस्तिनापुर क्षेत्र में बदले की आग में जलते एक पति ने ऐसा खूनी खेल खेला, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। सरेराह, लोगों की भीड़ के बीच, एक युवक को बेहद करीब से गोलियां मारकर मौत के घाट उतार दिया गया। वारदात का लाइव वीडियो और उसके बाद आरोपी का इकबालिया बयान सोशल मीडिया पर वायरल है, जिसने दहशत और आक्रोश दोनों को हवा दे दी है।

भीड़ के सामने बरसीं गोलियां

वायरल वीडियो में आरोपी प्रदीप चेहरे पर सफेद कपड़ा बांधे दिखाई देता है। जैसे ही सुनील (उर्फ सुरेंद्र) अपनी बाइक स्टार्ट करता है, प्रदीप पीछे से आता है और उसकी कमर में पहली गोली दाग देता है। गोली लगते ही सुनील तड़पता हुआ सड़क पर गिर पड़ता है। लेकिन हमलावर का गुस्सा यहीं नहीं थमता। वह दोबारा तमंचा लोड करता है और जमीन पर पड़े सुनील के सिर में एक और गोली मारता है। इसके बाद तीसरी गोली उसकी कनपटी पर दाग दी जाती है। कुछ ही पलों में सड़क खून से लाल हो जाती है। सबसे दर्दनाक पहलू यह रहा कि घटना के वक्त आसपास लोग मौजूद थे। चीख-पुकार के बीच कोई आगे नहीं आया। लोग खौफ में जमे रहे और आरोपी वारदात को अंजाम देकर आराम से फरार हो गया।

UP News: हत्या के बाद खुलेआम धमकी

हत्या के तुरंत बाद प्रदीप ने एक वीडियो जारी किया, जिसमें वह बेखौफ होकर अपने जुर्म को कबूल करता नजर आया। उसने कहा कि उसे अपनी मौत की परवाह नहीं है और उसने सुनील को तीन गोलियां मारी हैं। वीडियो में वह हथियार दिखाते हुए उन्हें नहर में फेंकने की बात करता है। यही नहीं, उसने अपनी पत्नी को भी जान से मारने की धमकी दी और समाज के नाम एक खौफनाक संदेश जारी किया। उसके शब्दों में गुस्सा, नफरत और कानून के प्रति खुली चुनौती साफ झलकती है। आरोपी ने अपने वीडियो में पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उसने दावा किया कि उसे न्याय नहीं मिला, इसलिए उसने कानून हाथ में लिया। उसने कुछ पुलिसकर्मियों पर मदद न करने का आरोप लगाया और कहा कि उसे मजबूर होकर हथियार उठाना पड़ा।

डेढ़ साल पुरानी रंजिश

बताया जा रहा है कि सनौता निवासी प्रदीप की पत्नी का सुनील के साथ प्रेम प्रसंग था। करीब एक साल पहले दोनों घर छोड़कर चले गए थे और कोर्ट मैरिज कर ली थी। इसे अपनी बेइज्जती मानते हुए प्रदीप बदले की आग में जल रहा था। उसने पहले भी सुनील को जान से मारने की धमकी दी थी। बुधवार को उसे मौका मिला और उसने सरेआम वारदात को अंजाम दे डाला।

हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की शिकायत पर आरोपी और उसके कथित सहयोगियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल, आरोपी फरार है। जिसकी तलाश में स्वाट टीम सहित कई पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। क्षेत्र में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

ये भी पढ़े… मुरादाबाद में इको-फ्रेंडली होली की तैयारी तेज, गोबर की लकड़ियों से होगा होलिका दहन, फूलों से बन रहा हर्बल गुलाल