Home » बिहार » Bihar News: कुदरा में देर रात हिंसक झड़प, फायरिंग के बाद तनाव बरकरार, 28 नामजद, 50 अज्ञात पर केस दर्ज

Bihar News: कुदरा में देर रात हिंसक झड़प, फायरिंग के बाद तनाव बरकरार, 28 नामजद, 50 अज्ञात पर केस दर्ज

Violent Clash

Bihar News: बिहार के कुदरा में देर रात हिंसक झड़प के बाद हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं। जेल से जमानत पर छूटे एक युवक की खुशी में चल रहे डांस और कथित शराब पार्टी की सूचना पर पहुंची पुलिस और ग्रामीणों के बीच विवाद इतना बढ़ा कि पथराव और फायरिंग तक की नौबत आ गई।

कुदरा में देर रात बवाल

पुलिस के मुताबिक, सूचना के सत्यापन के लिए टीम मौके पर पहुंची थी। इसी दौरान भीड़ ने ईंट-पत्थर चलाए और फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस को भी गोली चलानी पड़ी। घटना में एक व्यक्ति को गोली लगी है, जिसका इलाज जारी है, जबकि कई पुलिसकर्मी घायल हुए हैं।

6 घंटे तक सड़क जाम

घटना के विरोध में गुरुवार सुबह सैकड़ों ग्रामीण सड़क पर उतर आए और कुदरा-भभुआ मुख्य मार्ग को करीब छह घंटे तक जाम रखा। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर घरों में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ का आरोप लगाया है। कई महिलाओं के घायल होने की भी बात सामने आई है।

प्रशासन की कार्रवाई

मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने स्थिति को नियंत्रित करने का दावा किया है। पुलिस ने पथराव और फायरिंग के मामले में 28 नामजद और 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। अब तक 13 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। गोली लगने की घटना की भी जांच की जा रही है।

इलाके में तनाव बरकरार

फिलहाल इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है और प्रशासन ने निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है। तनाव के बीच सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

Report BY: देवव्रत तिवारी