Home » राजनीति » असम में नया एयरपोर्ट और तमिलनाडु में कंटेनर टर्मिनल को मंजूरी, मोदी कैबिनेट के 5 बड़े फैसले

असम में नया एयरपोर्ट और तमिलनाडु में कंटेनर टर्मिनल को मंजूरी, मोदी कैबिनेट के 5 बड़े फैसले

Modi Cabinet Decisions:

Modi Cabinet Decisions: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में 19 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा की पांच प्रमुख परियोजनाओं और योजनाओं को मंजूरी दी गई। इन फैसलों में निर्माण क्षेत्र में इस्तेमाल होने वाली भारी मशीनों के घरेलू उत्पादन को बढ़ावा देने से लेकर तमिलनाडु में नए कंटेनर टर्मिनल और असम में ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के निर्माण तक के प्रस्ताव शामिल हैं। इसके अलावा डाक विभाग के आधुनिकीकरण और पार्सल कारोबार को बढ़ावा देने के लिए भी अहम फैसले लिए गए हैं। आइए जानते हैं मोदी कैबिनेट के पांच बड़े फैसलों के बारे में।

Modi Cabinet Decisions: 1. क्रेन-बुलडोजर जैसी मशीनें बनाने के लिए 11 हजार करोड़ की योजना

केंद्र सरकार ने क्रेन, बुलडोजर, अर्थमूवर, टनल बोरिंग मशीन (TBM) और अन्य भारी निर्माण उपकरणों के घरेलू उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए 11 हजार करोड़ रुपये की योजना को मंजूरी दी है। इस योजना का मुख्य उद्देश्य भारत को इंफ्रास्ट्रक्चर उपकरणों के निर्माण का बड़ा केंद्र बनाना और इन मशीनों के आयात पर निर्भरता कम करना है। इससे देश में निर्माण उपकरण बनाने वाली कंपनियों को बढ़ावा मिलने के साथ घरेलू विनिर्माण क्षेत्र को भी मजबूती मिलेगी।

Modi Cabinet Decisions: 2. तमिलनाडु के कामराजार पोर्ट पर बनेगा दूसरा कंटेनर टर्मिनल

मोदी कैबिनेट ने तमिलनाडु के कामराजार पोर्ट पर 4,288 करोड़ रुपये की लागत से दूसरे कंटेनर टर्मिनल के निर्माण को मंजूरी दी है।सरकार के मुताबिक, देश में कंटेनर ट्रैफिक लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में इस नए टर्मिनल के निर्माण से बंदरगाह की क्षमता में इजाफा होगा। इसका फायदा तमिलनाडु के अलावा कर्नाटक और आंध्र प्रदेश के उद्योगों और व्यापार को भी मिलेगा।

3. असम के सिलचर में बनेगा नया ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट

केंद्रीय कैबिनेट ने असम के सिलचर में 2,014 करोड़ रुपये की लागत से नए ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के निर्माण को मंजूरी दी है। इस परियोजना से पूर्वोत्तर भारत में हवाई कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। प्रस्तावित एयरपोर्ट में 12,351 वर्गमीटर का टर्मिनल भवन बनाया जाएगा। इसके अलावा 2,705 मीटर लंबा और 45 मीटर चौड़ा रनवे तैयार किया जाएगा। इससे क्षेत्र में हवाई यात्रा की सुविधाओं और विकास को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

4. डाक विभाग की नई पोस्टल ऑपरेशंस स्कीम को मंजूरी

मोदी कैबिनेट ने डाक विभाग की 1,141 करोड़ रुपये की पोस्टल ऑपरेशंस स्कीम को भी मंजूरी दी है। इस योजना का उद्देश्य देश में पार्सल कारोबार को बढ़ावा देना और डाक विभाग की सेवाओं को आधुनिक बनाना है।

इसके तहत देशभर में 67 पार्सल हब विकसित किए जाएंगे। साथ ही 519 पार्सल पैकेजिंग यूनिट स्थापित की जाएंगी। इसके अलावा ग्रामीण डाकघरों को बिजनेस हब के रूप में विकसित करने की योजना है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में भी डाक सेवाओं और पार्सल कारोबार को मजबूती मिलेगी।

5. डाक विभाग की एस्टेट मैनेजमेंट स्कीम को मंजूरी

केंद्र सरकार ने डाक विभाग की 491 करोड़ रुपये की एस्टेट मैनेजमेंट स्कीम को भी हरी झंडी दी है। इस योजना के तहत डाक विभाग की संपत्तियों का बेहतर प्रबंधन किया जाएगा। इसके अलावा ऐतिहासिक और विरासत वाले डाक भवनों का संरक्षण किया जाएगा। साथ ही डाकघरों के बुनियादी ढांचे का आधुनिकीकरण भी किया जाएगा। इससे डाक विभाग की संपत्तियों का बेहतर इस्तेमाल करने और सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।

यह भी पढ़े- अनंत सिंह के यहां घुड़दौड़ के मैदान में पैर रखने की जगह नहीं, मुकाबला टला