CBSE Exam: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने स्पष्ट किया है कि हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा सर्कुलर फर्जी है। इस सर्कुलर में कहा गया था कि मध्य पूर्व एशिया के देशों में कक्षा 10 और 12 की सीबीएसई बोर्ड परीक्षाएं रद्द कर दी गई हैं। बोर्ड ने इस जानकारी को भ्रामक और झूठा बताया है।
सीबीएसई ने फर्जी सर्कुलर का किया खंडन
सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहे सर्कुलर में यह दावा किया गया था कि ईरान-इजरायल युद्ध और अन्य वैश्विक परिस्थितियों के कारण मध्य पूर्व के देशों में कक्षा 10 और 12 की सीबीएसई परीक्षाएं रद्द कर दी गई हैं। बोर्ड ने इस सर्कुलर को पूरी तरह से फर्जी और भ्रामक बताते हुए इसे नकारा किया।
CBSE Exam: परीक्षाएं स्थगित, रद्द नहीं
सीबीएसई ने कहा कि परीक्षा रद्द नहीं की गई हैं, बल्कि कुछ देशों में स्थगित कर दी गई हैं। ईरान-इजरायल संघर्ष के कारण मध्य-पूर्व देशों में कक्षा 10 और 12 की कुछ परीक्षाएं स्थगित की गई हैं। नई तिथियों की घोषणा बाद में की जाएगी। यह निर्णय विशेष रूप से बहरीन, कुवैत, कतर, ओमान, सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात जैसे देशों में लागू होगा।
सिर्फ आधिकारिक सूचनाओं पर ध्यान दें
सीबीएसई ने छात्रों, अभिभावकों और विद्यालयों से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक वेबसाइट और सत्यापित स्रोतों से जानकारी प्राप्त करें। बोर्ड ने अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ साइबर कार्रवाई की चेतावनी दी है और भारतीय दूतावासों से इस संबंध में आधिकारिक सूचना भेजी गई है।






