Delhi Liquor Shops: होली के त्योहार पर इस बार दिल्ली में शराब की दुकानें बंद नहीं रहेंगी। दिल्ली सरकार की ओर से जनवरी में जारी अधिसूचना के मुताबिक, रंगों का त्योहार ‘ड्राई डे’ की सूची में शामिल नहीं है। यानी होली के दिन राजधानी में शराब की बिक्री सामान्य रूप से जारी रहेगी।
होली पर ड्राई डे क्यों रखा जाता है?
आमतौर पर ‘ड्राई डे’ उन दिनों को कहा जाता है, जब कानून-व्यवस्था और सामाजिक संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए शराब की दुकानें बंद रखी जाती हैं। पिछले कई वर्षों से होली पर दिल्ली में ड्राई डे घोषित किया जाता रहा है, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था या विवाद की स्थिति न बने। हालांकि 2022 में नई आबकारी नीति के दौरान ड्राई डे की संख्या कम की गई थी।
Delhi Liquor Shops: जनवरी की अधिसूचना में क्या है?
जनवरी से मार्च तक लागू सूची में गणतंत्र दिवस, महाशिवरात्रि, ईद-उल-फितर, राम नवमी और महावीर जयंती को ड्राई डे घोषित किया गया है, लेकिन होली को इस सूची से बाहर रखा गया है। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि जिन दुकानों के लाइसेंसधारक इन निर्धारित ड्राई डे पर दुकान बंद रखेंगे, उन्हें किसी प्रकार का मुआवजा नहीं दिया जाएगा।
सियासी बयानबाजी तेज
इस फैसले को लेकर राजनीति भी गर्म हो गई है। आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर दिल्ली सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि होली जैसे बड़े त्योहार पर शराब की दुकानों को खुला रखकर करोड़ों रुपये कमाने की खुली छूट दी गई है। उन्होंने इसे “असली शराब घोटाले” की शुरुआत बताते हुए केंद्रीय एजेंसियों से सवाल पूछने की चुनौती भी दी। वहीं सरकार की ओर से इस मुद्दे पर अभी विस्तृत प्रतिक्रिया नहीं आई है।
होली जैसे सामाजिक और सांस्कृतिक महत्व के पर्व पर शराब बिक्री को लेकर पहले भी बहस होती रही है। अब देखना होगा कि यह फैसला केवल प्रशासनिक व्यवस्था तक सीमित रहता है या आने वाले दिनों में यह बड़ा राजनीतिक मुद्दा बनता है।
ये भी पढ़े… भारत vs इंग्लैंड: सेमीफाइनल बराबरी की टक्कर, खिताब का इतिहास लिखने वाली लड़ाई!






