Gold Price: मिडिल ईस्ट में बढ़ते युद्ध जैसे हालात के बीच जहां दुनिया भर में सोने की कीमतें बढ़ने की आशंका जताई जा रही है, वहीं दुबई में सोना उम्मीद से कहीं सस्ते दामों पर बिक रहा है। इंटरनेशनल गोल्ड ट्रेड हब माने जाने वाले दुबई में इस समय गोल्ड पर भारी डिस्काउंट दिया जा रहा है, जिसने निवेशकों और कारोबारियों दोनों का ध्यान खींच लिया है।
‘सिटी ऑफ गोल्ड’ में क्यों मिल रहा सस्ता सोना?
दुबई को उसके विशाल बुलियन मार्केट की वजह से ‘सिटी ऑफ गोल्ड’ कहा जाता है। आमतौर पर यहां सोना टैक्स और इंपोर्ट ड्यूटी कम होने के कारण दूसरे देशों की तुलना में सस्ता मिलता है। लेकिन मौजूदा हालात में यहां सोने पर सामान्य से भी ज्यादा छूट दी जा रही है।दरअसल, ईरान को लेकर मिडिल ईस्ट में बढ़ते सैन्य तनाव और हवाई मार्गों पर पाबंदियों के कारण लॉजिस्टिक्स प्रभावित हुए हैं। कई फ्लाइट्स रद्द होने और एयरस्पेस बंद होने से दुबई के कारोबारी अपना गोल्ड स्टॉक दूसरे देशों तक नहीं भेज पा रहे हैं।इस वजह से बाजार में स्टॉक लगातार बढ़ता जा रहा है और कारोबारियों को माल निकालने के लिए करीब 30 डॉलर प्रति औंस तक का डिस्काउंट देना पड़ रहा है।
Gold Price:पर्यटकों की कमी से भी गिरा गोल्ड का भाव
दुबई का गोल्ड मार्केट काफी हद तक अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों पर भी निर्भर करता है। लेकिन युद्ध जैसे माहौल और क्षेत्रीय अस्थिरता के कारण इस समय दुबई में पर्यटकों की संख्या कम हो गई है।कम खरीदार और बढ़ता स्टॉक इन दोनों कारणों ने मिलकर गोल्ड की कीमतों पर दबाव बना दिया है। नतीजतन, दुबई के ज्वेलर्स ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए ज्यादा छूट देने को मजबूर हैं।
Gold Price:भारत पर क्या पड़ सकता है असर?
भारत अपनी सोने की जरूरत का बड़ा हिस्सा आयात करता है और इसमें दुबई का अहम योगदान है। ऐसे में अगर मिडिल ईस्ट में तनाव बढ़ता है और सप्लाई चैन प्रभावित होती है, तो इसका असर भारत के बाजार पर भी पड़ सकता है।विशेषज्ञों का मानना है कि अगर सप्लाई में रुकावट आई तो भारत में सोने की कीमतें बढ़ सकती हैं। खासतौर पर शादी और त्योहारों का सीजन नजदीक आने के कारण मांग बढ़ने की संभावना है, जिससे दामों में और तेजी आ सकती है।
निवेशकों और ग्राहकों की नजरें अब बाजार पर
फिलहाल दुबई में सस्ते सोने की खबर निवेशकों के लिए एक बड़ा संकेत है। हालांकि, मिडिल ईस्ट में हालात कैसे बदलते हैं, यह आने वाले दिनों में गोल्ड मार्केट की दिशा तय करेगा।अगर तनाव और बढ़ा तो वैश्विक स्तर पर सोने की कीमतों में तेज उछाल भी देखने को मिल सकता है।
यह भी पढे़: संघर्ष को हराकर IAS बनीं बेटियां: परचून वाले की बेटी को मिला 9वां रैंक, SDM ड्राइवर की बेटी ने भी रचा इतिहास






