Uttar Pradesh: उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक प्राथमिक विद्यालय में महिला हेडमास्टर द्वारा छात्राओं से मालिश करवाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आते ही शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया और प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी हेडमास्टर को निलंबित कर दिया।
क्लासरूम में लेटकर छात्राओं से करवाई मालिश
बताया जा रहा है कि यह मामला चित्रकूट के नया बाजार क्षेत्र स्थित एक प्राथमिक विद्यालय का है। वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा है कि महिला हेडमास्टर कक्षा के अंदर फर्श पर चटाई बिछाकर लेटी हुई हैं और छात्राओं से हाथ-पैर दबवाती नजर आ रही हैं।वीडियो में कुछ छात्राएं बेंच पर बैठी दिखाई देती हैं, जबकि एक छात्रा हेडमास्टर की पीठ पर खड़ी होकर दबाव बनाती दिख रही है।
Uttar Pradesh: छात्रा से कहा – पीठ पर चलो
स्थानीय लोगों और बच्चों के मुताबिक, घटना उस समय की है जब हेडमास्टर कक्षा में पहुंचीं और जमीन पर लेट गईं। इसके बाद उन्होंने कक्षा में मौजूद एक छात्रा को पास बुलाकर मालिश करने को कहा।जब छात्रा ने बताया कि उसे यह करना नहीं आता, तो हेडमास्टर ने कथित तौर पर कहा कि वह उनकी पीठ पर खड़ी होकर चलने लगे। इसके बाद छात्रा उनकी पीठ पर खड़ी होकर दबाव बनाती नजर आई।
Uttar Pradesh: स्टाफ ने बनाया वीडियो, सोशल मीडिया पर हुआ वायरल
घटना के दौरान किसी ने मोबाइल से वीडियो बना लिया। बताया जा रहा है कि दो छोटे वीडियो क्लिप सामने आए हैं, जिनमें हेडमास्टर छात्रा से मालिश करवाती दिख रही हैं।वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही स्थानीय लोगों और अभिभावकों में नाराजगी फैल गई। गांव के कुछ लोगों का कहना है कि स्कूल में इस तरह की गतिविधियां पहले भी होती रही हैं।मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग हरकत में आ गया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) ने पूरे मामले की जांच कराई। जांच में वीडियो सही पाए जाने के बाद संबंधित महिला हेडमास्टर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
विभागीय जांच के दिए गए आदेश
शिक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार, आरोपी हेडमास्टर के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश भी जारी कर दिए गए हैं। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।फिलहाल इस घटना ने स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा और अनुशासन को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
यह भी पढे़…..जंग के साए में सस्ता हुआ सोना! दुबई में गोल्ड पर भारी डिस्काउंट, जानिए आखिर क्यों गिर गई कीमतें






