Assam election seat sharing: असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा है कि आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और उसकी सहयोगी असम गण परिषद (एजीपी) के बीच सीट बंटवारे का फार्मूला तय कर लिया गया है। इस प्रस्ताव को अंतिम मंजूरी के लिए पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व के पास दिल्ली भेज दिया गया है।
राज्य स्तर पर सहमति, अब केंद्रीय नेतृत्व की मंजूरी बाकी
मुख्यमंत्री सरमा ने सोमवार को पत्रकारों से बातचीत में बताया कि राज्य स्तर पर सीटों के बंटवारे को लेकर दोनों दलों के बीच पूरी सहमति बन चुकी है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में तैयार किए गए सभी दस्तावेज भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व को भेज दिए गए हैं और जल्द ही इस पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। सीएम सरमा ने बताया कि असम भाजपा अध्यक्ष दिलीप सैकिया जल्द ही दिल्ली जाकर पार्टी के शीर्ष नेताओं से मुलाकात करेंगे। इस दौरान सीट बंटवारे की व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जाएगा।
Assam election seat sharing: बोडोलैंड क्षेत्र में भी सीटों का बंटवारा तय
मुख्यमंत्री ने बताया कि बोडोलैंड प्रादेशिक क्षेत्र (बीटीआर) में भी सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत पूरी हो चुकी है। इस समझौते के तहत बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) क्षेत्र की 11 सीटों पर चुनाव लड़ेगी, जबकि भाजपा चार सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी। सरमा ने कहा कि इस समझौते से सहयोगी दलों के बीच बेहतर तालमेल बनेगा और आगामी चुनावों में गठबंधन को मजबूती मिलेगी।
जल्द जारी होगी भाजपा उम्मीदवारों की सूची
सीएम सरमा ने संकेत दिया कि भाजपा अपने उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया के अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। उन्होंने कहा कि पार्टी की उम्मीदवारों की सूची जल्द ही जारी की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि चुनाव से पहले भाजपा की ‘जन आशीर्वाद यात्रा’ को राज्यभर में जनता का अच्छा समर्थन मिला है। यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और पार्टी के कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी दिखाई।
मुख्यमंत्री के अनुसार भाजपा राज्य के विभिन्न जिलों में राजनीतिक संपर्क अभियान को और तेज कर रही है। पार्टी के वरिष्ठ नेता लगातार जनता के बीच पहुंचकर संवाद कर रहे हैं और सरकार की उपलब्धियों को लोगों तक पहुंचा रहे हैं।








