Uttam Nagar: दिल्ली के उत्तम नगर में होली के दौरान हुई 26 वर्षीय युवक की हत्या के मामले में भ्रामक और भड़काऊ सोशल मीडिया सामग्री फैलाने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कदम उठाए हैं। द्वारका जिला पुलिस ने कई सोशल मीडिया अकाउंट्स के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू करते हुए आपत्तिजनक पोस्ट हटाने की प्रक्रिया तेज कर दी है। पुलिस के अनुसार, होली के दिन हुए विवाद के बाद युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बन गई थी। मामले से जुड़े कुछ वीडियो और भ्रामक दावे सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगे, जिससे माहौल और अधिक संवेदनशील हो गया।
धन जुटाना किया शुरू
जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि कुछ लोगों ने घटना से जुड़े वीडियो को व्यापक रूप से प्रसारित कर एक क्यूआर कोड के माध्यम से धन जुटाना शुरू कर दिया था। पिछले दो दिनों में संदिग्ध बैंक खाते में करीब 37 लाख रुपये जमा किए जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित बैंक शाखा को खाते को फ्रीज करने और सभी क्रेडिट-डेबिट लेनदेन रोकने के निर्देश दिए हैं। द्वारका जिला पुलिस ने सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 79(3)(बी) के तहत सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स को टेकडाउन नोटिस भेजे हैं। अब तक प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ को 14 और इंस्टाग्राम को 8 अनुरोध भेजे जा चुके हैं, ताकि भ्रामक और आपत्तिजनक सामग्री को हटाया जा सके।
वहीं इस मामले में द्वारका डीसीपी कुशल पाल सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया पर अप्रमाणित या झूठी जानकारी फैलाना कानूनन अपराध है। उन्होंने चेतावनी दी कि अफवाह फैलाकर सार्वजनिक शांति भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर किसी भी जानकारी को साझा करने से पहले उसकी सत्यता की जांच अवश्य करें और भ्रामक सामग्री के प्रसार से बचें।
Uttam Nagar: रंग का छींटा बना जानलेवा विवाद
पुलिस और पीड़ित परिवार के अनुसार, विवाद की शुरुआत उस समय हुई जब होली खेलते वक्त एक बच्ची की ओर से फेंका गया रंग भरा गुब्बारा नीचे गिरकर गुजर रही महिला पर फट गया। परिवार का कहना है कि उन्होंने तुरंत महिला से माफी भी मांग ली थी। लेकिन आरोप है कि इसके बाद विवाद बढ़ गया और महिला के परिजन व रिश्तेदार मौके पर पहुंच गए। इस दौरान मारपीट हुई।
बताया जाता है कि 26 वर्षीय तरुण कुमार उस समय अपने दोस्तों के साथ होली खेलकर घर लौट रहा था। वह पूरे विवाद से अनजान था। आरोप है कि रास्ते में कुछ लोगों ने उसे गली में घेर लिया और उस पर क्रिकेट बैट, लाठियों और पत्थरों से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल तरुण को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अगले दिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में मातम और भय का माहौल है। लोग आज भी उस दिन को याद कर सिहर उठते हैं, जब रंगों के त्योहार पर एक परिवार की खुशियां हमेशा के लिए छिन गईं।
ये भी पढ़े… ‘वीरान गलियां और बंद बाजार…’ जानें कैसा है तरुण की हत्या के बाद उत्तम नगर का हाल?







