PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को अदाणी पोर्ट्स के हल्दिया बल्क टर्मिनल (एचबीटी) का उद्घाटन कर इसे राष्ट्र को समर्पित किया। यह टर्मिनल भारत के पूर्वी समुद्री तट पर माल ढुलाई की क्षमता और दक्षता बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान करेगा।
हल्दिया बल्क टर्मिनल की विशेषताएँ
यह टर्मिनल सूखी थोक सामग्री (ड्राई बल्क कार्गो) को संभालने के लिए बनाया गया है, जिसकी वार्षिक क्षमता 40 लाख मीट्रिक टन (एमएमटीपीए) है। हुगली नदी पर स्थित यह पूरी तरह स्वचालित बल्क टर्मिनल सीधे रेल कनेक्शन की सुविधा से लैस है, जिससे पूर्वी समुद्री कॉरिडोर में माल ढुलाई की क्षमता और बढ़ेगी।
PM Modi: आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और लॉजिस्टिक्स में सुधार
अदाणी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकनॉमिक जोन (एपीएसईजेड) के सीईओ अश्विनी गुप्ता के अनुसार, यह टर्मिनल मशीनीकरण और स्वचालित प्रणाली से लैस है, जो माल के नुकसान को कम करने के साथ सुरक्षित और टिकाऊ संचालन सुनिश्चित करेगा। यह पश्चिम बंगाल, ओडिशा और झारखंड के उद्योगों की सप्लाई चेन को सशक्त करेगा और प्रधानमंत्री मोदी के लॉजिस्टिक्स लागत घटाने के विजन को आगे बढ़ाएगा।
सागरमाला और पीएम गति शक्ति योजनाओं का हिस्सा
हल्दिया बल्क टर्मिनल को ‘सागरमाला’ और ‘पीएम गति शक्ति राष्ट्रीय मास्टर प्लान’ के तहत विकसित किया गया है। इन योजनाओं का उद्देश्य देश की लॉजिस्टिक्स लागत को कम करना है। इस परियोजना से उद्योगों तक कच्चे माल की लागत घटेगी और माल ढुलाई में लगने वाला समय भी कम होगा।







