Cm yogi: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 के तहत प्रदेश के 90 हजार शहरी लाभार्थियों के खातों में घर बनाने के लिए 900 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए। लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम में सीएम ने सिंगल क्लिक के जरिए पहली किस्त जारी की और 15 लाभार्थियों को प्रमाण पत्र भी सौंपे।
माफिया से खाली कराई जमीन पर बनेंगे गरीबों के मकान
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश के लगभग हर जिले में माफियाओं ने बड़ी मात्रा में जमीनों पर कब्जा कर रखा था। सरकार ने कई जगहों से कब्जा हटवाया है, लेकिन अभी भी काफी जमीनें ऐसी हैं जो खाली कराई जानी बाकी हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि ऐसी जमीनों को कब्जा मुक्त कराया जाए और वहां गरीबों के लिए हाईराइज बिल्डिंग बनाई जाए। साथ ही वकील, शिक्षक, डॉक्टर और पत्रकार जैसे अलग-अलग पेशे से जुड़े लोगों के लिए भी सस्ते मकान बनाए जाएं। सीएम ने यह भी कहा कि जरूरत पड़ने पर माफिया की संपत्ति जब्त कर उसी से इन मकानों का निर्माण कराया जाए। उन्होंने कहा कि माफियाओं ने जो शोषण किया है, उसका ब्याज भी उन्हें चुकाना होगा।
Cm yogi: सहारनपुर की महिला से बोले- आपके मकान में पति किराएदार
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कुछ महिला लाभार्थियों से बातचीत भी की। सहारनपुर की सुनीता से हल्के-फुल्के अंदाज में बातचीत करते हुए सीएम ने कहा कि यह मकान प्रधानमंत्री की योजना के तहत आपको मिला है, ऐसे में आपके घर में आपके पति किराएदार की तरह हैं। अगर आप चाहें तो उन्हें बाहर भी कर सकती हैं। इस पर कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच हल्की मुस्कान देखने को मिली।
Cm yogi: डिप्टी CM ब्रजेश पाठक का सपा पर तंज
कार्यक्रम में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने अवधी भाषा में कौए और कोयल की कहानी सुनाते हुए समाजवादी पार्टी पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि सपा वालों की हालत कौए जैसी है, जिनकी मौजूदगी को अपशगुन माना जाता है।
पहले भी लाखों परिवारों को मिला था लाभ
नगर विकास मंत्री एके शर्मा ने बताया कि दो महीने पहले इसी तरह के कार्यक्रम में 2.09 लाख शहरी परिवारों को एक क्लिक के जरिए धनराशि ट्रांसफर की गई थी। उस समय कुछ परिवार योजना से वंचित रह गए थे, जिन्हें अब इस योजना में शामिल कर 90 हजार और परिवारों को राशि दी जा रही है।
पहली किस्त में मिले 1 लाख रुपए
Cm yogi: प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 के तहत लाभार्थियों को पहली किस्त के रूप में 1 लाख रुपये सीधे उनके बैंक खातों में भेजे जाते हैं। इस योजना में प्रत्येक लाभार्थी को कुल 2.50 लाख रुपये की सहायता मिलती है, जिसमें 1.5 लाख रुपये केंद्र सरकार और 1 लाख रुपये राज्य सरकार की ओर से दिए जाते हैं। यह राशि तीन किस्तों में जारी की जाती है।
ये भी पढ़े: मामी से निकाह की जिद में पति ने चार बच्चों के सामने पत्नी की हत्या कर दी







