Tejashwi Yadav: राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने चैत्र नवरात्रि के पहले दिन प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी। उन्होंने इस अवसर पर मां दुर्गा के आशीर्वाद से बिहार में न्याय और समृद्धि की कामना की। अपने संदेश में उन्होंने यह भी कहा कि बिहार में दानवी सोच को समाप्त करने के लिए मातृशक्ति के न्याय की जरूरत है।
मां दुर्गा से न्याय की उम्मीद
तेजस्वी यादव ने कहा, “मां दुर्गा बुराई पर अच्छाई की विजय की प्रतीक हैं। जब भी दानवी सोच, असत्य और अराजकता का बोलबाला होता है, तब मां दुर्गा न्याय करती हैं। बिहार में अब ऐसी स्थिति आ चुकी है कि हमें इस दानवी सोच को खत्म करने के लिए मां के न्याय की आवश्यकता है।”
Tejashwi Yadav: बिहार के लोगों के शोषण पर चिंता
तेजस्वी यादव ने आगे कहा, “बिहार के भोले-भाले लोगों का आज धोखा, छल और अन्याय के जरिए शोषण किया जा रहा है। दानवी सोच यह मानने लगी है कि अब कोई उसे हरा नहीं सकता। लेकिन मां दुर्गा का आशीर्वाद इस सोच को बिहार से समाप्त करेगा और एक ऐसा बिहार बनाएगा जहां न्याय, सत्य, धर्म, अहिंसा और समानता का शासन होगा।”
बिहार में संकट और भ्रष्टाचार पर निशाना
राजद नेता ने बिहार में बढ़ते संकट, भ्रष्टाचार और विकास की कमी पर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि बिहार की बेटियां संकट में हैं और हर विभाग में भ्रष्टाचार चरम पर है। उन्होंने राज्यवासियों से अपील की कि वे मां दुर्गा से प्रार्थना करें कि बिहार को इस कठिन समय से निकालकर विकास की नई राह दिखाएं।
ये भी पढ़ें…Vaishno Devi: क्या रियासी में बढ़ती भीड़ के बीच पुलिस व्यवस्था तैयार है







