UP News: लखनऊ के बंथरा क्षेत्र के नींवा गांव में आज शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक ही परिवार के तीन लोगों ने कथित तौर पर जहर खा लिया। इस घटना में मां और बेटे की मौत हो गई, जबकि पिता की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। मृतकों की पहचान तारावती (52) और उनके बेटे संदीप (30) के रूप में हुई है। वहीं, परिवार के मुखिया रूपनारायण (55) को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें लिखा है- ‘अपनी मौत के जिम्मेदार केवल हम हैं।’
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, परिवार चाय-समोसा की दुकान और पान की गुमटी चलाकर अपना गुजारा करता था। घटना के समय घर में छोटा बेटा कुलदीप भी मौजूद था। कुलदीप ने बताया कि गुरुवार रात उसने घर में तहरी बनाई थी, लेकिन जब उसके माता-पिता और भाई दुकान से लौटे तो उन्होंने खाना खाने से मना कर दिया और कहा कि वे बाहर से खाकर आए हैं। इसके बाद तीनों अपने कमरे में सोने चले गए, जबकि कुलदीप बरामदे में सो गया। शुक्रवार तड़के अचानक कुछ आवाज सुनकर कुलदीप की नींद खुली। उसने देखा कि उसके पिता उल्टियां कर रहे थे। जब वह कमरे के अंदर गया तो मां और भाई बेसुध पड़े थे और उनके मुंह से झाग निकल रहा था। उसने तुरंत परिजनों को बुलाया और सभी को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मां और बेटे को मृत घोषित कर दिया।

UP News: घर के बाहर फटा हुआ नोटिस चिपका
वहीं इस मामले में पुलिस जांच के दौरान घर के बाहर एक फटा हुआ नोटिस भी चिपका मिला है, जिसमें ‘सिक्योरिटी ऑफिसर, मुंबई’ लिखा हुआ आंशिक रूप से पढ़ा जा सका है। हालांकि, इसकी पूरी जानकारी अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। परिवार के सदस्यों ने किसी भी प्रकार के कर्ज या नोटिस की जानकारी होने से इनकार किया है। वहीं, पड़ोसियों का कहना है कि परिवार पर कुछ कर्ज था और हाल ही में लोन रिकवरी से जुड़े लोग घर पर आए थे। बताया जा रहा है कि करीब दो साल पहले संदीप का एक्सीडेंट हुआ था, जिसमें इलाज पर तीन लाख रुपये से अधिक खर्च हुआ था। इसके बाद से परिवार आर्थिक तंगी से जूझ रहा था।
उधर, इस मामले में एसीपी कृष्णा नगर रजनीश वर्मा ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है, जबकि एक व्यक्ति का इलाज जारी है। प्रथम दृष्टया मामला जहर खाकर आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन इसके पीछे की असली वजह जानने के लिए पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
ये भी पढ़े… PM मोदी की तारीफ में आचार्य प्रमोद कृष्णम का बड़ा बयान बोले- ‘आलोचना करना आसान, मोदी बनना मुश्किल’







