Noida International Airport: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 मार्च को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का लोकार्पण करेंगे। इस बड़े कार्यक्रम से पहले तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को नोएडा पहुंच रहे हैं। वे दोपहर करीब 2 बजे एयरपोर्ट स्थल पर पहुंचकर अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे और उद्घाटन समारोह व सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा करेंगे। मुख्यमंत्री का यह दौरा कार्यक्रम की तैयारियों को परखने के लिहाज से अहम माना जा रहा है। करीब डेढ़ घंटे तक चलने वाली बैठक में सुरक्षा प्लान, जनसभा की व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन और प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर की जा रही तैयारियों पर चर्चा होगी।
प्रशासन अलर्ट, तैयारियां पूरी
सीएम के दौरे को देखते हुए कमिश्नरेट पुलिस, जिला प्रशासन और यमुना प्राधिकरण पहले ही तैयारियों को अंतिम रूप दे चुके हैं। मुख्यमंत्री लखनऊ से हवाई मार्ग के जरिए गाजियाबाद के हिंडन एयरपोर्ट पहुंचेंगे, जहां से हेलीकॉप्टर द्वारा सीधे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे से पहले ही प्रदेश सरकार के अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार और विशेष सचिव ईशान प्रताप सिंह ने गौतमबुद्ध नगर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने एयरपोर्ट परिसर और जनसभा स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा, सुविधाओं और व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
Noida International Airport: अधिकारियों को दिए गए सख्त निर्देश
निरीक्षण के बाद हुई बैठक में अधिकारियों को पार्किंग व्यवस्था का स्पष्ट प्लान तैयार करने, साफ-सफाई सुनिश्चित करने, पेयजल, बिजली, चिकित्सा सुविधाएं, अग्निशमन व्यवस्था और आपातकालीन सेवाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही जनसभा में आने वाली भीड़ के सुचारू प्रबंधन पर विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रम को लेकर एयरपोर्ट के आसपास के इलाकों में भी व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। अधिकारियों ने निर्देश दिए हैं कि एयरपोर्ट के तीन किलोमीटर दायरे में साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए और पीडब्ल्यूडी द्वारा खराब सड़कों की मरम्मत कराई जाए, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी तरह की असुविधा न हो।
आपको बता दें कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन प्रदेश और देश के लिए एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है, ऐसे में सरकार इस कार्यक्रम को भव्य और सुरक्षित बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती।
ये भी पढ़े… कौन है ये क्यूट-सा बच्चा? जिसके साथ PM मोदी ने सोशल मीडिया पर शेयर की तस्वीर, लिखा- ‘नन्हे दोस्त के साथ’







